- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Up News: ज़मीन विवाद...
उत्तर प्रदेश
Up News: ज़मीन विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट, एक की मौत
Sarita
13 Jun 2025 7:09 AM IST

x
Up News: यूपी के श्रावस्ती में गुरुवार को जमीन में भरी गई नींव हटाने को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि, पांच लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली। तहरीर के आधार पर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना इकौना क्षेत्र के कुम्हारगढ़ी कंजड़वा की है। गांव निवासी अब्दुल जब्बार (65) के घर के पीछे आबादी की जमीन पर शौचालय बना है। इसके बगल में नींव भरी गई है। मोहम्मद नसीम अली ने दो जून को एसडीएम को प्रार्थनापत्र दिया था। इसमें उन्होंने नींव भरी गई जमीन को अपनी जमीन बताया था।
उन्होंने इसकी पैमाइश की मांग की थी। जमीन की पैमाइश के बाद तहसीलदार ने अपनी रिपोर्ट एसडीएम को दी थी। बीच-बचाव करने आए वसीम और लेसन बानो भी घायल हो गए थे। इसी बीच जब्बार ने अपने कब्जे की जमीन पर बाउंड्रीवाल उठानी शुरू कर दी। इसको लेकर गुरुवार को दूसरा पक्ष आक्रामक हो गया। इस दौरान अब्दुल नसीम व अब्दुल लतीफ ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर अब्दुल जब्बार व उसके बेटे बड़कऊ को लाठी, डंडों व रॉड से पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस दौरान अब्दुल जब्बार के साथियों ने लतीफ व नसीम की पिटाई कर दी। बीच-बचाव करने आए वसीम व लेसन बानो भी घायल हो गए।
दोनों पक्षों के सभी छह घायलों को सीएचसी इकौना लाया गया। यहां से डॉक्टर ने अब्दुल जब्बार व बड़कऊ की हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान अब्दुल जब्बार की मौत हो गई। वहीं दूसरे पक्ष के अब्दुल लतीफ, मोहम्मद नसीम, वसीम, लेसन बानो को प्राथमिक उपचार के बाद संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा रेफर कर दिया गया। मृतक के भाई फारूक अहमद ने गांव निवासी मोहम्मद नसीम, अब्दुल लतीफ, शकील अहमद खां व कटरा थाना क्षेत्र के डिंगुराजोत निवासी हरीश यादव के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार पांडेय ने बताया कि मृतक के भाई की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी अब्दुल लतीफ और मोहम्मद नसीम को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। घटना की जानकारी मिलने के बाद एसपी घनश्याम चौरसिया ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।
Next Story





