उत्तर प्रदेश

UP News: नकली सॉस बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़

Sarita
21 March 2025 10:20 AM IST
UP News: नकली सॉस बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़
x
UP News: बरेली के बारादरी थाना क्षेत्र के गंगापुर में जुआ और नशे समेत कई अवैध धंधे होते हैं। सूचना पर पुलिस ने गुरुवार को वहां छापा मारा तो वहां जुआ चला रहा हिस्ट्रीशीटर भाग निकला। पुलिस ने उसका पीछा किया तो वह गोदाम से होता हुआ दूसरी तरफ चला गया। पीछा करती पुलिस जब गोदाम में पहुंची तो वहां नकली सॉस और उसे बनाने में इस्तेमाल होने वाले केमिकल का जखीरा मिला। एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि गंगापुर में एक जगह जुआ और सट्टा चल रहा है। बारादरी थाने की टीम ने मौके पर छापा मारा तो जुआरियों में भगदड़ मच गई। वहां जुआ चला रहा बारादरी थाने का हिस्ट्रीशीटर चंदलाल भी भाग निकला। पुलिस उसका पीछा करते हुए गोदाम में पहुंची।
वहां अवैध फैक्ट्री संचालित हो रही थी। वहां टमाटर सॉस, हरी मिर्च सॉस, सिरका, सोया सॉस बनाया जा रहा था। टीम ने उच्चाधिकारियों को सूचना दी। जांच के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाया गया। फास्ट फूड प्वाइंट पर खपाया जा रहा था इसे एसपी सिटी ने स्थानीय लोगों से पूछताछ की तो पता चला कि यह नकली सॉस की फैक्ट्री हिस्ट्रीशीटर चांदलाल की है। फैक्ट्री में विभिन्न प्रकार के केमिकल के अलावा बड़े-बड़े डिब्बों में रखी 5100 बोतलें मिलीं। इनमें सॉस भरी हुई थी। स्थानीय लोगों ने बताया कि यहां से शहर के कई फास्ट फूड प्वाइंट पर बेहद सस्ते दामों पर सॉस की सप्लाई होती है। नंदिनी के नाम से मिले फैक्ट्री के कागजात देर रात खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी फैक्ट्री पहुंचे और सैंपल लिए। तलाशी के दौरान कुछ कागजात मिले। इनमें रंजीत के नाम से नंदिनी फूड प्रोडक्ट्स नाम की इस फर्म का संचालन दर्शाया गया।
एफएसडीए के अधिकारी इस बात की जांच कर रहे हैं कि दस्तावेज असली हैं या इनमें भी धोखाधड़ी की गई है। कुल मिलाकर कार्रवाई का आधार तय किया जा रहा है। एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। बरामद केमिकल और सॉस की जांच के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों को बुलाया गया है। पुलिस भी उनकी रिपोर्ट को अपनी कार्रवाई का आधार बनाएगी। एफएसडीए के सहायक आयुक्त द्वितीय अपूर्व श्रीवास्तव ने बताया कि मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी के नेतृत्व में टीम ने मौके से सॉस और केमिकल के आठ नमूने लिए हैं। इन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
केमिकल युक्त सॉस से किडनी खराब हो सकती है
वरिष्ठ फिजीशियन डॉ. राहुल बाजपेयी के अनुसार केमिकल युक्त सॉस के सेवन से पाचन तंत्र प्रभावित होता है। स्वाद के लिए सोडियम, मोनोसोडियम ग्लूटामेट, फाइटेट और अधिक मात्रा में चीनी का इस्तेमाल हो सकता है। लगातार सेवन से एसिडिटी, सीने में जलन, अल्सर, मधुमेह और उच्च रक्तचाप की समस्या हो सकती है। लंबे समय तक इसका सेवन करने से किडनी पर दुष्प्रभाव पड़ने लगता है। पथरी का समय पर इलाज न होने पर किडनी भी फेल हो सकती है।
Next Story