उत्तर प्रदेश

UP News: डीजे पर डांस करने को लेकर विवाद, बारातियों ने दो युवकों को पीट-पीटकर मार डाला

Sarita
5 May 2025 10:35 AM IST
UP News: यूपी के अमेठी में एक शादी समारोह में दो युवकों की पीट-पीटकर हत्या , घटना से गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने सोमवार सुबह शवों को रायबरेली-सुल्तानपुर मार्ग पर रखकर हंगामा शुरू कर दिया। इससे सड़क पर लंबा जाम लग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाने का प्रयास किया। हंगामा कर रहे लोग नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। घटना गौरीगंज कोतवाली क्षेत्र के सरैया गांव की है। क्षेत्र के पूरे लोधन राजगढ़ निवासी आशीष (19) गांव के ही रवि (18) के साथ शनिवार रात सरैया गांव में अपनी मौसी के घर शादी समारोह में शामिल होने गया था।
वहां डीजे पर डांस करने को लेकर बारातियों से कहासुनी हो गई। बताया गया कि इसके बाद दोनों युवक बाइक से वहां से चले गए। रास्ते में बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। इससे दोनों गिर गए। इसी बीच पीछा कर आए बदमाशों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से दोनों पर हमला कर दिया। दोनों को पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। घटना देख आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। इससे पहले ही आरोपी वहां से भाग निकले। लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। उनकी हालत गंभीर देख उन्हें ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया।
लखनऊ ले जाते समय रास्ते में आशीष की मौत हो गई। इलाज के दौरान कुछ ही घंटों में रवि की भी मौत हो गई। घटना के बाद आशीष के पिता शिव बहादुर थाने पहुंचे और आठ नामजद और पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। सोमवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा तो परिजन और ग्रामीण भड़क गए।
उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शव को रायबरेली-सुल्तानपुर मार्ग पर रखकर जाम लगा दिया। इंस्पेक्टर श्याम नारायण पांडेय ने बताया कि शिव बहादुर की तहरीर के आधार पर दीपक पुत्र बिहारी, संदीप पुत्र ददन, शिवा पुत्र रामकुमार, जामो थाना क्षेत्र के पूरे निधान कुंवर बरौलिया निवासी, मलिक पुत्र श्रीराम, गोरियाबाद निवासी, दूल्हे के चचेरे भाई बलभद्रपुर निवासी, शानू, हल्ला उर्फ ​​लल्ला, धुर्वे व पांच अज्ञात के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
Next Story