- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- UP News: पेड़ से लटके...
UP News: पेड़ से लटके मिले प्रेमी युगल के शव, गांव में मचा हड़कंप

UP News: बाराबंकी जिले के मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के बिहुरा गांव में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब गांव के बाहर एक प्रेमी युगल के शव पेड़ से लटके मिले। दोनों अलग-अलग समुदाय के थे और पिछले चार साल से प्रेम संबंध में थे। युवक की तीन महीने पहले ही शादी हुई थी। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक मृतक सूरज (21) पहाड़पुर गांव का रहने वाला था जबकि युवती निशा बानो (18) पड़ोसी गांव बिहुरा की रहने वाली थी। दोनों के बीच चार साल से प्रेम संबंध था, लेकिन सामाजिक और धार्मिक बंदिशों के चलते शादी नहीं हो पा रही थी। कुछ दिन पहले दोनों घर से भाग गए थे, लेकिन परिजनों के दबाव में वापस आ गए। इसके बाद सूरज के परिजनों ने तीन महीने पहले उनकी शादी करा दी थी। बुधवार देर रात करीब दो बजे सूरज की पत्नी ने बताया कि वह घर से लापता है।
परिजनों ने काफी तलाश की लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका। गुरुवार की सुबह जब गांव के कुछ लोग खेत की ओर गए तो देखा कि आम के पेड़ से दो शव लटक रहे थे। दोनों की पहचान सूरज और निशा के रूप में हुई। बताया गया कि दुपट्टे और तौलिया को जोड़कर फंदा बनाया गया था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। कोतवाल डीके सिंह ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। इस बीच सूरज की नवविवाहिता पत्नी, जिसके हाथों से मेहंदी का रंग अभी पूरी तरह से उतरा भी नहीं था, सदमे में है और बार-बार बेहोश हो रही है। इस घटना को लेकर गांव में गहरा शोक और सनसनी है।





