उत्तर प्रदेश

UP News: सुबह-सुबह मुठभेड़ में एक लाख रुपये का इनामी बदमाश ढेर, पुलिस ने किया बड़ा खुलासा

Sarita
9 March 2025 10:04 AM IST
UP News: सुबह-सुबह मुठभेड़ में एक लाख रुपये का इनामी बदमाश ढेर, पुलिस ने किया बड़ा खुलासा
x
UP News: उत्तर प्रदेश पुलिस ने आज सुबह एक वांछित अपराधी को मुठभेड़ में मार गिराया। एक लाख रुपये के इनामी इस कुख्यात अपराधी फती उर्फ ​​असद पुत्र यासीन को मथुरा डीआईजी/एसएसपी शैलेश पांडेय के नेतृत्व में मार गिराया गया। वह हापुड़ के गढ़ मुक्तेश्वर का रहने वाला था, जिसके खिलाफ तीन दर्जन से ज्यादा मुकदमे दर्ज थे। उसके खिलाफ लूट, डकैती और हत्या के कई चर्चित मामले दर्ज थे। आरोपी के खिलाफ यूपी, पंजाब, राजस्थान और जम्मू-कश्मीर में भी कई मुकदमे दर्ज थे। पुलिस ने इस आरोपी पर एक लाख रुपये तक का इनाम घोषित कर रखा था।
दरअसल, रविवार सुबह हाईवे थाना क्षेत्र में पुलिस और अपराधी के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में कुख्यात अपराधी फती उर्फ ​​असद को गोली लग गई। इसके बाद उसे घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। यह कुख्यात अपराधी छैमार गिरोह का सरगना था, जो मथुरा से वांछित चल रहा था। वह अंतरराज्यीय गिरोह का सरगना था, उसके खिलाफ उत्तर प्रदेश, पंजाब, राजस्थान और जम्मू-कश्मीर में मामले दर्ज थे। फिलहाल इस मुठभेड़ को उत्तर प्रदेश पुलिस की अपराध उन्मूलन के मामले में बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए मथुरा के डीआईजी/एसएसपी शैलेश पांडे ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि छैमार गिरोह का कुख्यात अपराधी जिस पर एक लाख का इनाम भी है जिसका नाम फटी है, अपने तीन अन्य साथियों के साथ थाना हाईवे क्षेत्र में एक घर में देखा गया है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तत्काल वहां पहुंच गई। इसके बाद उस जगह की घेराबंदी की गई, लेकिन इसकी जानकारी होते ही अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक अपराधी घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। अन्य अपराधी मौके से भाग गए, जिनकी तलाश की जा रही है।
Next Story