उत्तर प्रदेश

UP News फैक्ट्री में केमिकल का ड्रम फटा, गंभीर रूप से घायल हुए मजदूर

Sarita
25 Jun 2025 7:55 AM IST
UP News फैक्ट्री में केमिकल का ड्रम फटा, गंभीर रूप से घायल हुए मजदूर
x
UP News: यूपी के हापुड़ के धौलाना औद्योगिक क्षेत्र यूपीएसआईडीसी के फेस-1 स्थित एनआर इंडस्ट्रीज केमिकल फैक्ट्री में मंगलवार शाम अचानक केमिकल से भरा ड्रम फट गया। केमिकल से गैस रिसाव होने से फैक्ट्री में काम कर रहे छह से अधिक मजदूर मौके पर ही बेहोश हो गए। मजदूरों को गंभीर हालत में तड़पता देख फैक्ट्री प्रबंधन मौके से फरार हो गया। अन्य मजदूरों ने बेहोश मजदूरों को अस्पताल में भर्ती कराया। जिसमें एक गार्ड की हालत गंभीर बनी हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक घटना शाम करीब छह बजे की है।
केमिकल फैक्ट्री में काम करते समय अचानक ड्रम फट गया। इस दौरान केमिकल की तेज बदबू से मजदूरों की हालत बिगड़ गई। सूचना मिलते ही घायलों के परिजन फैक्ट्री पहुंचे और किसी तरह उन्हें बाहर निकालकर अस्पताल ले गए। सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह बिष्ट मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच की। सीओ अनीता चौहान ने बताया कि इस संबंध में अभी किसी पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। फैक्ट्री मालिक और अन्य बेहोश मजदूरों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Next Story