उत्तर प्रदेश

UP News: सड़क पर पुलिसकर्मी की कार्बाइन गिरने से चली गोली

Sarita
6 March 2025 6:27 AM IST
UP News: सड़क पर पुलिसकर्मी की कार्बाइन गिरने से चली गोली
x
UP News: उत्तर प्रदेश के वाराणसी से बड़ी खबर आई है। दशाश्वमेध थाना क्षेत्र में स्थित माधव पान की दुकान पर बुधवार को आकस्मिक चली गोली में पीएसी जवान और दुकान का कर्मचारी घायल हो गया। बता दें कि घटना उस समय हुई जब 39वीं बटालियन पीएसी के कांस्टेबल अश्विनी कुमार त्रिपाठी पान की दुकान पर खड़े थे। इसी दौरान अचानक उनकी कार्बाइन का पत्ता टूटकर जमीन पर गिर गया और ट्रिगर दबने से गोली चल गई। गोली पान की दुकान पर काम कर रहे कर्मचारी ज्वाला प्रसाद के पैर में लगी और हेड कांस्टेबल अश्विनी त्रिपाठी की दाहिनी आंख में जा लगी।
घटना की सूचना मिलते ही दशाश्वमेध थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल मारवाड़ी अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। कांस्टेबल अश्विनी त्रिपाठी और कर्मचारी ज्वाला प्रसाद दोनों का बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में इलाज चल रहा है और डॉक्टरों के मुताबिक दोनों खतरे से बाहर हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। ज्वाला प्रसाद चेतगंज के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
एडीसीपी काशी जोन टी. सरवनन ने बताया कि पीएसी मिर्जापुर में कार्यरत दीवान पान की दुकान के सामने कार्बाइन की गोली लगने से घायल हो गया। इस दौरान वहां काम कर रहा एक कर्मचारी भी घायल हो गया। दोनों को पुलिस ने ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया है, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर है।
Next Story