उत्तर प्रदेश

UP News: दरिंदों ने खेली खून की होली, नाबालिग किशोर को उतारा मौत के घाट

Sarita
16 March 2025 8:57 AM IST
UP News:  दरिंदों ने खेली खून की होली, नाबालिग किशोर को उतारा मौत के घाट
x
UP News: उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले में खकरा नदी में तैरते मिले बोरे से कई टुकड़ों में कटा 16 वर्षीय किशोर का शव बरामद हुआ है। पुलिस ने इस मामले में शनिवार को मृतक के मोहल्ले के ही एक युवक समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडेय ने बताया कि शुक्रवार को सूचना मिलने पर पुलिस ने खकरा नदी में एक बोरे से कई टुकड़ों में कटा किशोर का शव बरामद किया है। उन्होंने बताया कि शव के कटे हुए हाथ-पैर बोरे से बाहर आ चुके थे, जबकि सिर और शरीर के अन्य अंग बोरे में थे। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शव के टुकड़ों को नदी से बाहर निकाला। पांडेय के मुताबिक मृतक की पहचान न्यूरिया थाना क्षेत्र के बिथरा गांव निवासी पूरन लाल उर्फ ​​सागर के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि शव करीब चार दिन पुराना लग रहा है और परिजनों का आरोप है कि उनके मोहल्ले में रहने वाले शुभम वाल्मीकि ने सागर की हत्या की है।
पांडेय के मुताबिक पुलिस ने इस मामले में आज शिवम और उसके दो साथियों बॉबी और प्रमोद को गिरफ्तार कर लिया है। पांडे ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया है कि उन्होंने पुरानी रंजिश को लेकर अपने एक अन्य साथी की मदद से सागर का अपहरण किया और फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। पांडे के मुताबिक आरोपियों ने बताया कि हत्या के बाद उन्होंने सागर के शव के छह टुकड़े किए, उसे बोरे में भरकर नदी में फेंक दिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी शिवम की गांव में मीट की दुकान है और उसने दुकान में मौजूद औजारों से सागर के शव के कई टुकड़े किए। पांडे ने बताया कि मृतक की मां इंद्रावती ने पुलिस को बताया है कि सागर 10 मार्च की शाम सात बजे घर से निकला था, जिसके बाद उसका मोबाइल फोन बंद हो गया और दो दिन तलाश करने के बाद थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
इंद्रावती ने बताया कि उसका बेटा सागर मजदूरी करता था और उसका पिछले तीन साल से मोहल्ले के ही रहने वाले शुभम वाल्मीकि से विवाद चल रहा था। इंद्रावती ने आरोप लगाया कि सागर अक्सर शुभम की गुंडागर्दी का विरोध करता था और एक सप्ताह पहले होली के दिन शुभम ने सागर को जान से मारने की धमकी दी थी। मृतक के चाचा अंगन लाल ने बताया कि एक साल पहले शुभम और सागर के बीच झगड़ा हुआ था, जिसको लेकर मामला भी दर्ज हुआ था।
Next Story