उत्तर प्रदेश

Up News: जांबाज फौजी की संदिग्ध परिस्थिति में मौत, क्षेत्र में शोक की लहर

Sarita
19 Feb 2026 7:01 AM IST
Up News:  जांबाज फौजी की संदिग्ध परिस्थिति में मौत, क्षेत्र में शोक की लहर
x
Up News: उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले से दिल को झकझोर देने वाली ऐसी खबर सामने आई है, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। सरहदों पर दुश्मनों के दांत खट्टे करने वाला एक जांबाज सिपाही अपने ही घर की छत पर संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाया गया। दुबौलिया थाना क्षेत्र के भनखरपुर गांव में उस वक्त सन्नाटा पसर गया, जब ग्रामीणों को पता चला कि उनके गांव का लाल, लांस नायक शरद उपाध्याय अब इस दुनिया में नहीं रहा।
घटना की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। भारी संख्या में ग्रामीण शरद के घर के बाहर जमा हो गए। शव के मिलने की स्थिति को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं व्याप्त हैं। आखिर 9 दिन पहले छुट्टी पर आए एक फौजी की मौत उसके अपने ही घर की छत पर कैसे हो गई? क्या यह कोई हादसा है, मानसिक तनाव का परिणाम है या इसके पीछे कोई गहरी साजिश छिपी है? ये वो सवाल हैं जो फिलहाल भनखरपुर के हर शख्स की जुबान पर हैं। सूचना पाकर दुबौलिया थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और परिजनों से पूछताछ की। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है।
फौजी शरद उपाध्याय के निधन की खबर मिलते ही भनखरपुर सहित आस-पास के गांवों में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि शरद एक अनुशासित और मिलनसार व्यक्ति थे। देश सेवा का जज्बा उनमें कूट-कूट कर भरा था। उनकी इस असामयिक और संदिग्ध मौत ने न केवल उनके परिवार को अनाथ कर दिया है, बल्कि पूरे गांव को गमगीन कर दिया है। वही देर शाम गांव में दिवंगत आर्मी जवान का शव तिरंगे में लिपट कर आया तो अंतिम दर्शन के लिए लोगों को भीड़ उमड़ पड़ी और इस घटना को देखकर सभी की आंखे नम थी।
Next Story