उत्तर प्रदेश

Up News : कूड़े के ढेर में मिली कोडीन कफ सिरप की शीशियां, पुलिस-प्रशासन की जांच शुरू

Sarita
17 Jan 2026 6:50 AM IST
Up News : कूड़े के ढेर में मिली कोडीन कफ सिरप की शीशियां, पुलिस-प्रशासन की जांच शुरू
x
Up News : उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में एक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की पुरानी बिल्डिंग के पास कूड़े के ढेर में प्रतिबंधित कोडीनयुक्त कफ सिरप मिलने से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। मौके से कोडिनो स्टारकुल (Codistar NF) नाम की कुल 34 खुले सिरप की शीशियां बरामद की गईं। इन कफ सिरप की एक्सपायरी डेट वर्ष 2029 तक दर्ज है। इसका मतलब है कि समाप्ति से लगभग तीन वर्ष पहले ही इन्हें कूड़े में फेंक दिया गया था।कुछ समय पहले देश के कुछ राज्यों में कोडीनयुक्त कफ सिरप के सेवन से बच्चों की मौत के मामले सामने आए थे।
जानकारी के मुताबिक हाथरस जिले की कोतवाली सिकंदराराऊ क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की पुरानी बिल्डिंग के पास कूड़े के ढेर में शुक्रवार को प्रतिबंधित कोडीनयुक्त कफ सिरप की 34 शीशियां पड़ी मिलने की जानकारी पर पुलिस-प्रशासन अलर्ट हो गया। आनन-फानन में ड्रग इंस्पेक्टर राजकुमार शर्मा, उपजिलाधिकारी संजय कुमार और सिकंदराराऊ कोतवाली प्रभारी शिवकुमार शर्मा पुलिस और अन्य विभागीय टीम के साथ मौके पर पहुंच गए।
कोडीन युक्त सिरप की शीशियां मिलने के बाद एसडीएम सिकंदराराऊ के साथ स्वास्थ्य अधिकारियों ने तत्काल जिले के थोक और खुदरा मेडिकल स्टोरों पर चेकिंग अभियान चलाया। इस अभियान के दौरान दवाओं के स्टॉक, रिकॉर्ड और खरीद-बिक्री से संबंधित दस्तावेजों की गहन जांच की गई। कुछ स्टोर पर स्टॉक मेंटेनेंस और रिकॉर्ड मानकों के अनुरूप नहीं थे।जांच के दौरान संबंधित मेडिकल स्टोर को नोटिस जारी किया गया है। जांच पूरी होने तक दुकान और गोदाम को बंद करने के आदेश भी दिए गए हैं।उपजिलाधिकारी ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Next Story