उत्तर प्रदेश

Up News: संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटकते मिले युवक और युवती के शव,गांव में सनसनी

Sarita
23 Feb 2026 6:18 AM IST
Up News: संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटकते मिले युवक और युवती के शव,गांव में सनसनी
x
Up News: उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले के मुंशीगंज थाना क्षेत्र के कन्हई का पुरवा गांव में रविवार को संदिग्ध परिस्थितियों में शीशम के पेड़ से युवक और युवती के शव लटकते मिले। मृतकों की पहचान शिव बहादुर (26) और महिमा (20) के रूप में हुई है। जिसके बाद गांव में सनसनी फैल गई।मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने देखा कि शिव बहादुर का शव मफलर के फंदे से और महिमा का शव परदे के कपड़े के सहारे पेड़ की डाल से लटका था। चौंकाने वाली बात यह रही कि युवक के दोनों पैर जमीन पर थे, जबकि युवती के पैर घुटनों के बल जमीन को छू रहे थे। इसी स्थिति ने घटना को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए।
सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार सिन्हा और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। आसपास के लोगों से पूछताछ की गई और साक्ष्य एकत्र किए गए। थाना प्रभारी के अवकाश पर होने के कारण सदर कोतवाली प्रभारी शिवशंकर सिंह ने मौके पर पहुंचकर जांच संभाली।मृतक शिव बहादुर के बड़े भाई रामबरन यादव ने इसे हत्या करार देते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि जिस हालत में दोनों के पैर जमीन पर थे, उससे आत्महत्या की संभावना कम लगती है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शिव बहादुर, जो मिल एरिया थाना क्षेत्र के दोहरी गांव का निवासी था और टेंट हाउस में काम करता था, तथा खदरी गांव की महिमा के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे। दोनों के परिवार इस रिश्ते के खिलाफ बताए जा रहे हैं और विवाह को लेकर सहमति नहीं बन पा रही थी। चर्चा है कि पारिवारिक विरोध के चलते दोनों ने आत्महत्या जैसा कदम उठाया हो सकता है। हालांकि पुलिस हत्या के बाद शवों को पेड़ से लटकाए जाने की आशंका से भी इनकार नहीं कर रही है।अपर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि यह मामला आत्महत्या का है या फिर हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने की कोशिश की गई है, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही होगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।
Next Story