उत्तर प्रदेश

UP News: बड़ा हादसा, सिलेंडर में आग लगने से कई दुकानें जलकर राख

Sarita
20 May 2025 7:21 AM IST
UP News: बड़ा हादसा,  सिलेंडर में आग लगने से कई दुकानें जलकर राख
x
UP News: जिले के हलिया थाना क्षेत्र के गड़बद्रा धाम स्थित शीतला मंदिर के पास बड़ा हादसा हो गया। जहां सोमवार की दोपहर जब दूर-दूर से आए श्रद्धालु प्रसाद बना रहे थे, उसी दौरान गैस सिलेंडर फट गया और आग लग गई। घटना के बाद मेले में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और ग्रामीणों की मदद से जनरेटर के जरिए मोटर पंप चलाकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। वहीं सूचना के 3 घंटे बाद पहुंची फायर ब्रिगेड ने पेड़ों और घरों में लगी आग को बुझाया।
सोमवार को गड़बद्रा धाम स्थित मेला परिसर में क्षेत्र और दूर-दूर से आए श्रद्धालु सुपरवाइजर माली की छत के नीचे दर्शन पूजन के लिए गैस सिलेंडर पर मां शीतला के लिए लपसी पूरी बना रहे थे। उसी दौरान गैस सिलेंडर फटने से आग लग गई। जिसमें सुपरवाइजर माली की माला प्रसाद की दुकान में आग लगने से माला, चुनरी, नारियल, गमछा, दस हजार रुपए नगद समेत करीब पचास हजार रुपए का सामान जलकर राख हो गया।
आग लगने से श्रद्धालुओं व ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने अपने-अपने सबमर्सिबल के जरिए आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन तब तक बिजली की केबल का तार जलने से आग पर काबू नहीं पाया जा सका। जिसके बाद सूचना पर मौके पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र सिंह ने मंदिर में रखे जनरेटर को चालू कराकर ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया। जिससे दर्जनों लोगों की दुकान व जान बच गई। वहीं सूचना देने के 3 घंटे बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंची। जिसने पेड़ों व घरों में लगी आग को बुझाया।
घटना की सूचना मिलते ही सीओ लालगंज अशोक कुमार सिंह, नायब तहसीलदार राजू यादव, प्रभारी निरीक्षक हलिया वीरेंद्र सिंह, प्रभारी निरीक्षक ड्रमंडगंज अरविंद सरोज उपनिरीक्षक श्यामलाल पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और आग बुझाने के साथ ही जांच पड़ताल शुरू कर दी। आपको बता दें कि बड़े मेलों में आग बुझाने की व्यवस्था होती है लेकिन यहां कोई इंतजाम नहीं किया गया था। जिम्मेदार अधिकारियों की लापरवाही के चलते ग्रामीण और श्रद्धालु खतरे में पड़ गए।
Next Story