उत्तर प्रदेश

UP News: फ्लैट का छज्जा टूटकर गिरा, मलबे में दबकर मामा-भांजे की मौत

Sarita
16 May 2025 7:46 AM IST
UP News: फ्लैट का छज्जा टूटकर गिरा, मलबे में दबकर  मामा-भांजे की मौत
x
UP News: यूपी के गाजियाबाद में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां फ्लैट की बालकनी टूटकर दो लोगों पर गिर गई। दोनों मामा-भांजे बताए जा रहे हैं। जर्जर फ्लैट की बालकनी टूटकर गिरने से दोनों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान आकाश (26) और उसके भांजे वंश (04) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों घर से निकले थे और चावल खरीदने के लिए किराने की दुकान पर खड़े थे। इसी बीच अचानक उनके ऊपर वाले फ्लैट की बालकनी टूटकर गिर गई। इस हादसे में दोनों की मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
दरअसल, पूरा मामला गाजियाबाद के टीला मोड़ इलाके का है। यहां तुलसी निकेतन गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) जनता फ्लैट्स इलाके में बुधवार रात यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि आकाश अपने भांजे वंश के साथ चावल खरीदने के लिए पास की किराने की दुकान पर गए थे। बताया जा रहा है कि अचानक जर्जर फ्लैट की बालकनी टूटकर दोनों के ऊपर गिर गई। इसके बाद आकाश और वंश मलबे में दब गए और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
बालकनी पर अवैध रूप से बना था शौचालय
वहीं, पुलिस ने बताया कि टूटी हुई बालकनी शबीना खान के फ्लैट की थी। इस बालकनी पर अवैध रूप से शौचालय बना हुआ था। सहायक पुलिस आयुक्त (शालीमार गार्डन क्षेत्र) अतुल कुमार सिंह ने बताया कि जांच के बाद उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं, जीडीए के एक अधिकारी ने बताया कि यह कॉलोनी 30 साल पहले बनी थी। यह कई सालों से जर्जर अवस्था में है। अधिकारी ने कहा, "जीडीए ने सुरक्षा चिंताओं और प्रस्तावित पुनर्निर्माण के मद्देनजर निवासियों से फ्लैट खाली करने का आग्रह करते हुए कई सार्वजनिक नोटिस जारी किए थे। हालांकि, निवासियों ने चेतावनियों को नजरअंदाज कर दिया।
Next Story