उत्तर प्रदेश

UP News: डांट से क्षुब्ध टोलकर्मियों ने मैनेजर का अपहरण कर की हत्या, 3 आरोपी गिरफ्तार

Sarita
20 Sept 2025 9:53 AM IST
UP News: डांट से क्षुब्ध टोलकर्मियों ने मैनेजर का अपहरण कर की हत्या, 3 आरोपी गिरफ्तार
x
UP News: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले से एक दुखद और भयावह घटना सामने आई है। डांट से नाराज टोल कर्मचारियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर पहले असिस्टेंट मैनेजर अरविंद पांडे (30) का अपहरण किया और फिर बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जिनमें से दो मुठभेड़ में घायल हो गए।
यह घटना दिल्ली-देहरादून हाईवे पर छपार टोल प्लाजा पर हुई। बताया जा रहा है कि यह टोल प्लाजा रालोद नेता और पूर्व ब्लॉक प्रमुख विनोद मलिक के नियंत्रण में है। गुरुवार रात करीब 2 बजे टोल के मुख्य प्रबंधक मुकेश चौहान और सहायक प्रबंधक अरविंद पांडे टोल प्लाजा से थोड़ी दूरी पर एक गेस्ट हाउस में आराम कर रहे थे, तभी एक कार में सवार पांच-छह लोग वहां पहुंचे। वे गेट खोलकर अंदर घुस गए और लाठी-डंडों व धारदार हथियारों से उन पर हमला कर दिया। हमले में दोनों घायल हो गए। इसी दौरान अरविंद पांडे को जबरन कार में बिठाकर अगवा कर लिया गया।मेरठ जिले के जानी थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम अपहृत अरविंद पांडे का शव भोला गांव के पास गंग नहर पटरी पर पड़ा मिला। शव पर कई जगह धारदार हथियारों के निशान थे, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि उसकी बेरहमी से हत्या की गई है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की। एसपी सिटी सत्य नारायण प्रजापत ने बताया कि मुख्य प्रबंधक मुकेश चौहान की शिकायत पर हत्या और अपहरण का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी हैं। शुक्रवार देर रात छपार थाना क्षेत्र में पुलिस और आरोपियों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ में दो आरोपी गोली लगने से घायल हो गए, जबकि एक को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। घटनास्थल से दो तमंचे और एक कार भी बरामद की गई है।
Next Story