उत्तर प्रदेश

Up News :चाचा ने कथित तौर पर तलवार से हमला कर अपने भतीजे को उतरा मौत के घाट

Sarita
21 Oct 2025 6:44 AM IST
Up News :चाचा ने कथित तौर पर तलवार से हमला कर अपने भतीजे को उतरा मौत के घाट
x
Up News : उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां दुद्धी थाना क्षेत्र के नगवां गांव में देर शाम एक चाचा ने कथित तौर पर तलवार से हमला कर अपने भतीजे की बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या की वजह छह महीने पहले हुए एक सड़क हादसे में बेटे की मौत का बदला लेना माना जा रहा है।
दुद्धी थाने के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) स्वतंत्र कुमार सिंह ने सोमवार को इस घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान 19 वर्षीय जीत सिंह के रूप में हुई है, जबकि आरोपी उसके चाचा छट्ठू सिंह हैं। एसएचओ के अनुसार, रविवार की शाम जब जीत सिंह अपने घर के दरवाजे पर बैठा था, तभी आरोपी छट्ठू सिंह ने तलवार से उस पर हमला कर दिया, जिससे जीत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक, इस हत्या के पीछे दो मुख्य कारण हो सकते हैं। पहली वजह, छह महीने पहले आरोपी छट्ठू सिंह के बेटे की एक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। उस समय मोटरसाइकिल जीत सिंह चला रहा था। आरोपी तभी से अपने बेटे की मौत के लिए भतीजे जीत सिंह को ही जिम्मेदार मानता था। वहीं, दूसरी वजह ये हो सकती है कि दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से जमीन जायदाद को लेकर भी विवाद चल रहा था। परिजनों ने पुलिस को बताया कि आरोपी छट्ठू सिंह इन सभी बातों से नाराज था और वह कई बार जीत सिंह को जान से मारने की धमकी भी दे चुका था।
एसएचओ स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। हत्या के बाद से आरोपी छट्ठू सिंह फरार है, जिसकी तलाश के लिए पुलिस टीमें गठित कर दी गई हैं। पुलिस जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है। इस घटना के बाद नगवां गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।
Next Story