उत्तर प्रदेश

Up News: कोडीन सीरप मामले में कार्रवाई, 5.5 करोड़ की संपत्ति जब्त

Sarita
13 Feb 2026 9:36 AM IST
Up News: कोडीन सीरप मामले में कार्रवाई, 5.5 करोड़ की संपत्ति जब्त
x
Up News: उत्तर प्रदेश में कोडीन युक्त कफ सिरप के अवैध भंडारण एवं बिक्री के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कानपुर और वाराणसी पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 5.5 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति जब्त की है तथा 35 लाख रुपये से अधिक की धनराशि वाला बैंक खाता फ्रीज कराया है।पुलिस के अनुसार, कानपुर निवासी विनोद अग्रवाल पहले से ही कोडीन सिरप मामले में जेल में है। उसके विरुद्ध कलक्टरगंज थाने में विभिन्न धाराओं में मुकदमा पंजीकृत है। जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि अभियुक्त ने अवैध कोडीन सिरप कारोबार से अर्जित धनराशि से विभिन्न संपत्तियां अर्जित की थीं।
गुरुवार को वाराणसी पुलिस की टीम ने सहायक पुलिस आयुक्त सारनाथ के नेतृत्व में एनडीपीएस एक्ट की धारा 68(एफ) के अंतर्गत जब्ती की कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान कानपुर नगर के ग्वालटोली, चकेरी, कलक्टरगंज एवं जाजमऊ क्षेत्र में स्थित लगभग पांच करोड़ रुपये मूल्य की संपत्तियां जब्त की गईं। साथ ही आईसीआईसीआई बैंक का खाता, जिसमें लगभग 35 लाख रुपये जमा थे, विधिक प्रक्रिया के तहत फ्रीज कराया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई केवल आपराधिक मुकदमा दर्ज करने तक सीमित नहीं है, बल्कि अपराध से अर्जित संपत्तियों को जब्त कर आपराधिक आर्थिक ढांचे को ध्वस्त करने की दिशा में एक निर्णायक कदम है। मामले में वित्तीय लेन-देन, बैंक खातों और संपत्ति अभिलेखों की गहन जांच की जा रही है। आवश्यक होने पर अन्य संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध भी वैधानिक कारर्वाई की जाएगी। पुलिस आयुक्त ने प्रकरण की निष्पक्ष और तथ्यपरक जांच के लिए गठित विशेष जांच टीम (एसआईटी) को सभी संबंधित अभियोगों की त्वरित विवेचना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
Next Story