उत्तर प्रदेश

UP News: पुलिस मुठभेड़ में डबल मर्डर का आरोपी गिरफ्तार, आरोपी जिला अस्पताल में भर्ती

Sarita
2 July 2025 2:25 PM IST
UP News: पुलिस मुठभेड़ में डबल मर्डर का आरोपी गिरफ्तार, आरोपी जिला अस्पताल में भर्ती
x
UP News: चरवा थाना क्षेत्र में तीन दिन पूर्व हुई महिला व पुरुष की हत्या के आरोपी को बुधवार सुबह पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पैर में गोली लगी है और उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि चरवा थाना क्षेत्र के गौहानी गांव निवासी गुड़िया देवी (45) व गोरेलाल (42) की तीन दिन पूर्व हत्या कर दी गई थी। बताया जाता है कि गुड़िया अपने पति को छोड़कर मायके में रह रही थी और उसके व गोरेलाल के बीच प्रेम संबंध थे। उन्होंने बताया कि गोरेलाल की पत्नी उसे छोड़कर मायके चली गई थी।
इस संबंध में परिजनों की तहरीर पर चरवा थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य, सीसीटीवी कैमरा व तकनीकी साक्ष्य की मदद से कई संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई और इसी क्रम में दो संदिग्ध व्यक्तियों वीरेंद्र व शिव बाबू का नाम प्रकाश में आया। उन्होंने बताया कि आज सुबह मुखबिर से थाना क्षेत्र के काजू मुर्गी फार्म के पास वीरेंद्र के मौजूद होने की सूचना मिली और उसे घेर लिया गया।
खुद को पुलिस से घिरा देख वीरेंद्र ने भागने के प्रयास में पुलिस पर फायरिंग कर दी और जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लग गई। उन्होंने बताया कि मौके से एक तमंचा और एक कारतूस बरामद किया गया है। मुठभेड़ में घायल वीरेंद्र को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है और अन्य आरोपी शिव बाबू की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें प्रयास कर रही हैं।
Next Story