- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Up News: मंदिर से लौट...
उत्तर प्रदेश
Up News: मंदिर से लौट रहे मां और बच्चों में डंपर ने मारी टक्कर, छाया मातम
Sarita
24 Nov 2025 7:30 AM IST

x
Up News: 23 नवंबर की सुबह हाथरस के इगलास रोड पर नगला हेमा गांव में एक डंपर ट्रक ने शिक्षा मित्र मां और उसके बेटे को कुचल दिया। हादसे में दोनों की मौत हो गई। गांव वालों के डर से ड्राइवर मौके से भाग गया। दोनों को खून से लथपथ हालत में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। इस खबर से परिवार में कोहराम मच गया। महिला के पति और बच्चे बेसुध हैं।
इगलास रोड पर नगला गोपाल गांव के रहने वाले त्रिभुवन पिछले छह महीने से इसी रोड पर नगला हेमा गांव में रह रहे हैं। वह वहां बेकरी चलाते हैं। उनकी पत्नी ललितेश (40) शिक्षा मित्र हैं। 23 नवंबर की सुबह ललितेश अपने तीन बच्चों के साथ गांव के मंदिर गई थीं। ललितेश का घर और मंदिर दोनों सड़क किनारे हैं। वह बच्चों के साथ मंदिर से पैदल लौट रही थीं। घर से चंद कदम दूर ही पीछे से आ रहे डंपर ने उन्हें और उनके बेटे उदय (14) को कुचल दिया। हादसे में बड़ी बेटी और सबसे छोटा चार साल का बेटा बाल-बाल बच गए।
लोग मौके पर पहुंचे। उन्हें प्राइवेट गाड़ी से जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। त्रिभुवन ने डंपर ड्राइवर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। सिटी एसपी योगेंद्र कृष्ण नारायण ने बताया कि डंपर को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया गया है। ड्राइवर को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा। इगलास रोड पर डंपर अक्सर आते-जाते रहते हैं। मथुरा-बरेली हाईवे टुकसान गांव के पास इगलास रोड को क्रॉस करता है। पहले इस हाईवे के बनने की वजह से डंपर इसी सड़क से गुजरते थे। अब यहां एक बड़ी कॉलोनी बन रही है और आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर काम शुरू हो गया है। इस वजह से डंपर दिन-रात चलते हैं। गांव वालों का आरोप है कि इसी बहाने माइनिंग भी हो रही है। इन गाड़ियों की वजह से सड़क किनारे बसे गांवों में रहने वाले लोग हर दिन खतरे में रहते हैं।
Next Story





