उत्तर प्रदेश

Up News: अज्ञात वाहन की टक्कर से 8 वर्षीय मासूम की मौत

Sarita
5 Aug 2025 7:46 AM IST
Up News: अज्ञात वाहन की टक्कर से 8 वर्षीय मासूम की मौत
x
Up News: थाना चौबिया क्षेत्र के कबूली गांव के सामने इटावा-फर्रुखाबाद मुख्य मार्ग पर सोमवार शाम एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। बाजार से लौट रही आठ साल की मासूम बच्ची को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। जानकारी के अनुसार, कबूली गांव निवासी सुमित कुमार की बेटी ताव्या अपनी मां चंदा देवी के साथ कस्बा चौपला बाजार गई थी।
शाम को दोनों पैदल घर लौट रही थीं। जब वे इटावा-फर्रुखाबाद मार्ग पर अपने गांव के सामने पहुंचीं, उसी समय तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बच्ची को टक्कर मार दी। घटना के तुरंत बाद परिजन घायल बच्ची को बसरेहर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां उसकी गंभीर हालत देखते हुए डॉक्टरों ने उसे सैफई पीजीआई रेफर कर दिया। लेकिन वहां इलाज के दौरान बच्ची की मौत हो गई।
ताव्या कक्षा दो की छात्रा थी और प्राथमिक विद्यालय चौपला में पढ़ती थी। वह तीन बहनों में सबसे बड़ी थी। उसकी असामयिक मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। माँ चंदा देवी बेसुध हैं और घर में मातम पसरा है। सूचना मिलने पर चौबिया थाने के उपनिरीक्षक अंकित पटेल मौके पर पहुँचे। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन व चालक की तलाश शुरू कर दी है।
Next Story