उत्तर प्रदेश

UP News: 10 मिनट की आंधी ने मचाया 'तूफान', पेड़ के नीचे दबकर युवक की मौत

Sarita
30 May 2025 6:24 AM IST
UP News: 10 मिनट की आंधी ने मचाया तूफान, पेड़ के नीचे दबकर युवक की मौत
x
UP News : जिले में विभिन्न स्थानों पर पेड़ गिरने से कई लोग व बच्चे घायल हो गए। बृहस्पतिवार शाम तक बिजली बहाल नहीं हो सकी थी। बिजली कर्मचारी व्यवस्था दुरुस्त करने में जुटे रहे। बुधवार रात आई दस मिनट की आंधी ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। मिर्जापुर में पेड़ गिरने से गांव भोजपुर निवासी शहजाद (32) की मौत हो गई। बिजली लाइनों पर पेड़ गिरने से तहसील बेहट के 70 गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित रही। छुटमलपुर में सड़क पर पेड़ गिरने से देहरादून हाईवे चार घंटे बाधित रहा। देर रात आंधी के बाद विभिन्न स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी हुई। गंदेवड़-हथनीकुंड बैराज मार्ग पर यमुना नदी में चल रहे बाढ़ सुरक्षा निर्माण कार्य को पूरा कर लौट रहे शहजाद पुत्र बुद्धू पर रायपुर के पास सड़क किनारे खड़ा पेड़ टूटकर गिर गया। देहरादून हायर सेंटर ले जाते समय उसकी मौत हो गई।
परिजनों ने बिना कानूनी कार्रवाई के शव को दफना दिया। इसके साथ ही बेहट के ग्रीष्मकालीन मेले में आंधी में झूले का जाल गिरने से मेला संचालक संजय खान की पत्नी अलीशा (25), बेटा तनवीर (2) व दो अन्य बच्चे घायल हो गए। इनका सीएचसी में उपचार कराया गया। आंधी के कारण बिजली लाइनों पर पेड़ गिरने से विद्युत उपकेंद्र के पथरवा, शाकंभरी देवी, चाको, हरिपुर, पीटीडब्ल्यू पथरवा व गंदेवड़ फीडर से जुड़े 42 गांवों की विद्युत आपूर्ति 17 घंटे तक ठप रही। गुरुवार दोपहर 12 बजे ही विद्युत आपूर्ति बहाल हो सकी।
छुटमलपुर में फतेहपुर सीएचसी के सामने खड़े ट्रक पर विशाल पेड़ गिर गया। ट्रक चालक फतेहपुर निवासी धारा सिंह कुछ मिनट पहले ही ट्रक से बाहर निकल गया था, अन्यथा उसकी जान को खतरा हो सकता था। पेड़ की चपेट में आने से तोता टांडा बिजलीघर को विद्युत आपूर्ति करने वाली लाइन के तीन खंभे टूट गए और दून हाईवे बाधित हो गया। आधी रात के बाद पेड़ हटने के बाद यातायात बहाल हो सका। उधर, लाइन टूटने से बिहारीगढ़ कस्बे समेत 18 गांवों में गुरुवार शाम पांच बजे तक बिजली गुल रही। इसके अलावा फतेहपुर सीएचसी समेत एक दर्जन गांवों में रात भर बिजली गुल रही। जेई अभिषेक राज ने बताया कि देर शाम तक आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
Next Story