उत्तर प्रदेश

UP Crime: 10 हजार रुपये के विवाद में युवक की बेरहमी से हत्या

Sarita
4 Sept 2025 8:43 AM IST
UP Crime: 10 हजार रुपये के विवाद में युवक की बेरहमी से हत्या
x
UP Crime: कासगंज के सिकंदरपुर वैश्य क्षेत्र के ग्राम नवाबगंज नगरिया में बुधवार शाम रुपये के लेनदेन के विवाद में एक युवक की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी। युवक का साथी भी घायल हो गया। वारदात के बाद मृतक के परिजन समेत अन्य आक्रोशित लोगों ने जाम लगा दिया। आरोपी और मृतक अलग-अलग समुदाय के होने से पुलिस ने क्षेत्र में सतर्कता-चौकसी बढ़ा दी है।
नवाबगंज नगरिया निवासी राजकुमार (35) ने गांव के ही निवासी असलम, शमसुल उर्फ शुल्ला और इरशाद उर्फ बंदर को कुछ समय पहले 10 हजार रुपये उधार दिए थे। कई बार रुपये मांगने के बाद भी रुपये नहीं मिलने पर बुधवार को शाम करीब 4:00 बजे वह अपने साथी टिंकू के साथ रुपये मांगने बाजार पहुंचा। उसने रुपये मांगे तो दोनों के बीच कहासुनी हो गई।
आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इस बीच एक आरोपी ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। सीने में चाकू लगने से राजकुमार लहूलुहान होकर गिर पड़ा। बचाव में आए साथी टिंकू पर भी हमला किया गया, जिससे वह भी घायल हो गया।
घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गंजडुंडवारा ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जानकारी मिलने पर परिजन भी पहुंच गए। युवक की मौत की जानकारी मिलते ही लोगों में आक्रोश फैल गया। आक्रोशित लोगों ने मार्ग पर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।पुलिस को आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी गई। एएसपी राजेश भारती ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। दो समुदायों से मामला जुड़ा होने से पुलिस अलर्ट पर है।
Next Story