- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Up Crime: इन्वर्टर फटा...
उत्तर प्रदेश
Up Crime: इन्वर्टर फटा या साजिश, दंपत्ति की मौत पर मचा कोहराम
Sarita
13 Jun 2025 8:50 AM IST

x
Up Crime :अमेठी में 'इन्वर्टर' की बैटरी में कथित विस्फोट के दौरान बुजुर्ग दंपत्ति की मौत के एक दिन बाद उनके बेटे ने पुलिस में हत्या की शिकायत दर्ज कराई है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अमेठी की पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने बताया कि दंपत्ति के बेटे विपिन सिंह की शिकायत के आधार पर संग्रामपुर थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 के तहत मामला दर्ज किया गया है। विपिन सेना का जवान है।
बेटे को साजिश का शक, अज्ञात लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले की जांच चल रही है। बैटरी विस्फोट की कथित घटना बुधवार सुबह मरदौली गांव में हुई। घटना की जानकारी मिलने के बाद विपिन बुधवार देर रात घर लौटा। घर के अंदर विस्फोट स्थल की जांच करने के बाद उसने संग्रामपुर थाने की पुलिस से संपर्क किया और लिखित शिकायत दर्ज कराई कि अज्ञात लोगों ने उसके माता-पिता पर जानबूझकर विस्फोटक से हमला किया, जिससे उनकी मौत हो गई।
सिंह ने अपनी शिकायत में कहा कि विस्फोट इतना जोरदार था कि लोहे के दरवाजों में छेद हो गए और घर को काफी नुकसान पहुंचा। उन्होंने गहन फोरेंसिक जांच और एफआईआर की मांग की। पुलिस ने शुरू में इस घटना को दुर्घटना के रूप में दर्ज किया था जिसमें 62 वर्षीय नौरंग बहादुर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि उनकी पत्नी अनुसूया सिंह (60) ने बाद में रायबरेली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में दम तोड़ दिया।
विपिन के चाचा उदयभान सिंह ने पहले पुलिस को बताया था कि विस्फोट उस कमरे के अंदर हुआ था जहां इन्वर्टर रखा हुआ था। उस समय उन्हें किसी गड़बड़ी का संदेह नहीं था। एफआईआर के बाद फोरेंसिक टीमों और अग्निशमन सुरक्षा अधिकारियों ने विस्फोट स्थल का निरीक्षण किया। पुलिस अधीक्षक कौशिक ने कहा कि नमूने एकत्र किए गए हैं और हम यह पता लगाने के लिए रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं कि यह वास्तव में एक दुर्घटना थी या जानबूझकर की गई हरकत थी। उन्होंने कहा कि सभी कोणों से जांच की जा रही है।
Next Story





