उत्तर प्रदेश

Up Accident: सड़क हादसा, बर्थडे पार्टी मनाकर लौट रहे 3 दोस्तों की मौत

Sarita
12 Aug 2025 8:32 AM IST
Up Accident:  सड़क हादसा, बर्थडे पार्टी मनाकर लौट रहे 3 दोस्तों की मौत
x
Up Accident: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में एआरटीओ कार्यालय के पास एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें तीन युवकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान 35 वर्षीय अकाउंटेंट राजा उर्फ हर्षित सक्सेना, रूबल पटेल और हर्षित गुप्ता के रूप में हुई है। एक अन्य साथी, जिसका नाम अंकित है, गंभीर रूप से घायल है। अंकित को राजकीय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सदर कोतवाली क्षेत्र के कल्याण नगर निवासी 35 वर्षीय अकाउंटेंट राजा उर्फ हर्षित सक्सेना अपने तीन दोस्तों के साथ जन्मदिन की पार्टी मनाने उझानी बाईपास गए थे।
अकाउंटेंट की जन्मदिन की पार्टी थी, इसलिए वह सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात करीब 1:30 बजे अपने दोस्तों के साथ पार्टी करके लौट रहे थे। इसी दौरान सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में एआरटीओ कार्यालय के पास कार स्वागत द्वार से टकरा गई। कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। पुलिस ने कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। लेकिन अकाउंटेंट राजा सक्सेना, रूबल पटेल और हर्षित गुप्ता की मौके पर ही मौत हो गई। घायल 29 वर्षीय अंकित को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसका इलाज चल रहा है। कार में चार लोग सवार थे। फिलहाल पुलिस ने तीन शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मृतकों के घरों में कोहराम मचा हुआ है। इलाके में मातम पसरा है।
Next Story