उत्तर प्रदेश

Agra में देर रात हुई मुठभेड़ में दो घायल, चार पकड़े गए

Ratna Netam
4 July 2026 4:06 PM IST
Agra  में देर रात हुई मुठभेड़ में दो घायल, चार पकड़े गए
x

Firozabad फिरोजाबाद : जिले में थाना उत्तर पुलिस और एसओजी टीम ने टप्पेबाजी की एक बड़ी वारदात का खुलासा करते हुए आगरा के चार शातिर अपराधियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई के दौरान दो अभियुक्तों के पैर में गोली लगने से वे घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) रवि शंकर प्रसाद ने जानकारी देते हुए बताया कि यह मामला 23 जून का है, जब पीड़ित कृष्णा ने थाना उत्तर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उनके पिता सुबह लगभग 6:30 बजे टहलने के बाद घर लौट रहे थे। इसी दौरान अज्ञात बदमाशों ने उन्हें बहला-फुसलाकर रोक लिया और उनकी सोने की माला तथा सोने की अंगूठी उतरवाकर लेकर फरार हो गए।घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचनात्मक कार्यवाही के दौरान पुलिस को चार संदिग्ध अभियुक्तों के नाम और उनके गिरोह से जुड़े होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस और एसओजी टीम लगातार उनकी तलाश में जुटी हुई थी।

शुक्रवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी इलाके में किसी अन्य वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। इस पर थाना उत्तर पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की। खुद को घिरता देख आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई की और मुठभेड़ के बाद चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।इस मुठभेड़ में दो आरोपियों के पैर में गोली लगी, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। बाकी दो आरोपियों को मौके से ही हिरासत में ले लिया गया। पुलिस ने उनके पास से अवैध हथियार और लूटी गई ज्वेलरी बरामद करने का दावा किया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह गिरोह लंबे समय से बुजुर्गों को निशाना बनाकर ठगी और टप्पेबाजी की घटनाओं को अंजाम देता था। आरोपी अक्सर भीड़भाड़ वाले इलाकों और पार्कों के आसपास सक्रिय रहते थे, जहां वे अकेले लोगों को निशाना बनाते थे।फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और उनके अन्य साथियों तथा पुराने मामलों की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि इस गिरोह के कई अन्य मामलों में शामिल होने की संभावना है, जिनकी पुष्टि जांच के बाद की जाएगी।इस कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस की तत्परता की सराहना की है और उम्मीद जताई है कि इस तरह की घटनाओं पर अब अंकुश लगेगा।

Next Story