- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- लखनऊ की सड़कों पर...

लखनऊ: शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के स्वागत में बड़ा शक्ति प्रदर्शन किया। यह दौरा 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद यह उनका उत्तर प्रदेश का पहला संगठनात्मक दौरा है, जिसमें संगठन की ताकत और एकजुटता की झलक साफ दिखाई दी। नितिन नवीन लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचे, जहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। एयरपोर्ट पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने फूल बरसाकर उनका अभिनंदन किया।
इसके बाद एयरपोर्ट से भाजपा प्रदेश मुख्यालय तक करीब 18 किलोमीटर लंबा रोड शो निकाला गया। इस दौरान पूरे मार्ग को पार्टी के झंडों और बैनरों से सजाया गया था। रास्ते में 40 से अधिक स्वागत मंच बनाए गए, जहां कार्यकर्ताओं और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने पुष्पवर्षा और ढोल-नगाड़ों के साथ उनका स्वागत किया। भाजपा ने इस कार्यक्रम में करीब 25 समाजों की भागीदारी भी सुनिश्चित की, जिससे सामाजिक समरसता का संदेश देने की कोशिश की गई। रोड शो के दौरान ब्राह्मण, यादव, लोधी, राजभर, निषाद, कुशवाहा, मौर्य, पटेल, वैश्य, क्षत्रिय, पासी, वाल्मीकि, सिख, बंगाली और मराठी सहित कई समुदायों के प्रतिनिधि शामिल रहे। पार्टी का उद्देश्य संगठन और समाज के बीच संवाद को मजबूत करना बताया गया।
प्रदेश मुख्यालय पहुंचने के बाद नितिन नवीन ने संगठनात्मक बैठकें कीं, जिसमें बूथ सशक्तिकरण, आगामी अभियानों और 2027 विधानसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा हुई। उन्होंने सांसदों, विधायकों और संगठन पदाधिकारियों के साथ भी अलग-अलग बैठकें कीं। शाम को नितिन नवीन ने हनुमान सेतु मंदिर में दर्शन-पूजन किया और इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ बैठक एवं रात्रिभोज में शामिल हुए। रविवार को वे अवध क्षेत्र के शक्ति केंद्र संयोजक सम्मेलन को संबोधित करेंगे। इस पूरे दौरे को भाजपा की चुनावी रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है, जिसमें संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं में नया उत्साह भरने पर विशेष जोर दिया गया है।





