उत्तर प्रदेश

होटल में फर्जी अफसर बनकर पहुंचे 2 जालसाज, गिरफ्तार

Gulabi Jagat
18 Aug 2026 7:20 AM IST
होटल में फर्जी अफसर बनकर पहुंचे 2 जालसाज, गिरफ्तार
x

होटल में फर्जी अफसर बनकर पहुंचे 2 जालसाज, गिरफ्तार

लखनऊ। तुर्किए की महिला की तलाश में होटल में रेड करने पहुंचे दो फर्जी अधिकारियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने खुद को विदेश मंत्रालय का अधिकारी बताकर होटल में प्रवेश किया था। 15 अगस्त की रात गोमतीनगर स्थित होटल क्रिस्टेलिया में दो जालसाज कथित तौर पर तुर्किए की एक महिला की तलाश में पहुंचे. आरोप है कि दोनों ने होटल मैनेजर और स्टाफ पर रौब जमाते हुए खुद को विदेश मंत्रालय का अधिकारी बताया और होटल की तलाशी लेने की बात कही. मामले में पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.

होटल मैनेजर सर्वोत्तम पाठक की तहरीर के मुताबिक 15 अगस्त की रात एक कार होटल के गेट पर आकर रुकी थी. कार में एक व्यक्ति बैठा रहा, जबकि दो लोग होटल के अंदर पहुंचे. दोनों ने होटल का गेट अंदर से लॉक कर दिया और मैनेजर को अपने पास बुलाकर कहा कि वे विदेश मंत्रालय से आए हैं. इसके बाद आरोपियों ने अपना कथित पहचान पत्र दिखाया और होटल की तलाशी लेने की बात कही. पुलिस के मुताबिक आरोपियों के पास से विदेश मंत्रालय के सेक्शन अफसर के नाम और फोटो वाला पहचान पत्र भी बरामद हुआ है.
आरोप है कि दोनों जालसाजों ने होटल मैनेजर को जेल भेजने की धमकी देकर दबाव बनाया. इसके बाद रिसेप्शन पर रखा एंट्री रजिस्टर चेक किया गया और होटल में मौजूद मेहमानों की जानकारी खंगाली गई. दोनों ने होटल के एक-एक कमरे को खुलवाकर तलाशी लेने की कोशिश की. विरोध करने पर दो होटल कर्मचारियों का कथित तौर पर गला दबाने का भी आरोप है. इस दौरान होटल मैनेजर और अन्य स्टाफ को बंधक जैसी स्थिति में रखा गया.होटल मैनेजर ने इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है, जबकि दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मेरठ के भवानपुर किला रोड निवासी शिवम चौहान और नोएडा सेक्टर-120 स्थित प्रतीक लोरेन निवासी अभिनव सिंह के रूप में हुई है.
अपर पुलिस उपायुक्त पूर्वी अमोल मुरकुट के मुताबिक आरोपियों के पास से विदेश मंत्रालय का सेक्शन अफसर लिखा हुआ फोटोयुक्त पहचानपत्र बरामद किया गया है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों आरोपी वास्तव में किस मकसद से होटल पहुंचे थे और तुर्किए की महिला की तलाश के पीछे उनकी असली वजह क्या थी? साथ ही, मामले में शामिल तीसरे व्यक्ति की भूमिका की भी जांच की जा रही है.
फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनके खिलाफ होटल मैनेजर की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है. फर्जी पहचान पत्र के इस्तेमाल, होटल में जबरन घुसकर तलाशी लेने, कर्मचारियों को धमकाने और कथित मारपीट के आरोपों को लेकर पुलिस साक्ष्य जुटा रही है. इस मामले ने राजधानी में फर्जी सरकारी अधिकारी बनकर होटल और अन्य प्रतिष्ठानों में घुसने की कोशिश को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं.
Next Story