- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- अयोध्या में ट्रस्ट...

Ayodhya में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की अहम बैठक सोमवार को दोपहर 3 बजे से जारी है, जिसमें कई बड़े और अहम फैसले सामने आए हैं। बैठक के दौरान चंपत राय का इस्तीफा मंजूर कर लिया गया है, जबकि गोपाल राव को फिलहाल पद छोड़ने से रोक दिया गया है। इस फैसले के बाद ट्रस्ट के भीतर हलचल और तेज हो गई है। सूत्रों के अनुसार, चंपत राय इस बैठक में शामिल नहीं हुए थे। वहीं गोपाल राव बैठक स्थल पर पहुंचे थे, लेकिन उन्हें अंदर जाने से रोक दिया गया। बताया गया कि ट्रस्ट के सदस्यों ने उन्हें बाहर जाने को कहा, जिसके बाद वे परिसर से बाहर चले गए। इस घटना ने बैठक के माहौल को और अधिक संवेदनशील बना दिया।
बैठक में चंपत राय के इस्तीफे को मंजूरी मिलने के बाद अब अनिल मिश्रा के इस्तीफे को लेकर भी चर्चा जारी है। ट्रस्ट के भीतर इस मुद्दे पर विचार-विमर्श चल रहा है और आगे के निर्णयों पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। सूत्रों के मुताबिक, ट्रस्ट के विशेष आमंत्रित सदस्य गोपाल राव शाम साढ़े पांच बजे स्वामी गोविंद देव गिरि को फैसलों की जानकारी देंगे। बैठक में राम मंदिर से जुड़े प्रशासनिक और वित्तीय मामलों पर भी चर्चा की जा रही है। खासकर मंदिर में चढ़ावे से जुड़े प्रबंधन और हाल में सामने आए कथित गबन के आरोपों पर भी विचार हो रहा है। इसी को लेकर यह बैठक काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
बैठक से पहले ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंद देव गिरि राम मंदिर परिसर पहुंचे और बैठक में शामिल हुए। वहीं सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है। पूरे परिसर में पुलिस बल की तैनाती की गई है और वाहनों की आवाजाही को बैरिकेडिंग के जरिए नियंत्रित किया गया है। बताया जा रहा है कि यह बैठक मंदिर ट्रस्ट के भीतर चल रहे विवाद और आरोपों के बीच बुलाई गई है, जिससे कई प्रशासनिक बदलाव की संभावना बन गई है। अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि आगे ट्रस्ट और कौन से बड़े फैसले लेता है।





