- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Government योजना के...

Ghaziabad गाजियाबाद : सरकारी योजना के तहत मकान और दुकान दिलाने का झांसा देकर एक दिव्यांग महिला से करीब दो लाख रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। पीड़िता ने आरोपी पर गंभीर आरोप लगाए हैं, जिसके बाद मामला प्रशासनिक स्तर पर भी पहुंच गया है।जानकारी के अनुसार, पीड़िता लक्ष्मी, जो चलने-फिरने में पूरी तरह असमर्थ है, ने आरोप लगाया है कि सरताज बहादुर नामक व्यक्ति ने उसे दिव्यांग कोटे के तहत मकान और दुकान दिलाने का भरोसा दिया था। आरोपी ने खुद को दिव्यांग बताते हुए वकालत करने का दावा किया और इसी भरोसे के आधार पर महिला से करीब दो लाख रुपये ले लिए।
पीड़िता का कहना है कि उसने यह रकम बड़ी मुश्किल से जुटाई थी, लेकिन पैसे देने के बाद भी उसे न तो किसी सरकारी योजना का लाभ मिला और न ही कोई दस्तावेज या प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई। इसके अलावा, आरोपी अब उसके फोन कॉल का जवाब भी नहीं दे रहा है।मामले की शिकायत जिला दिव्यांगजन एवं सशक्तिकरण अधिकारी के संज्ञान में लाई गई, जिसके बाद संबंधित थाने को एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ा दी है।
अधिकारियों ने कहा है कि इस तरह की घटनाओं से बचने के लिए लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। किसी भी सरकारी योजना के नाम पर किसी व्यक्ति को सीधे पैसे नहीं देने चाहिए। साथ ही विभाग ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी के साथ इस तरह की ठगी होती है तो तुरंत हेल्पलाइन या संबंधित विभाग में शिकायत दर्ज कराएं।फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपी की भूमिका की पड़ताल की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।





