- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Education और परंपरा का...

Noida नोएडा : एमिटी विश्वविद्यालय में नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत पर परंपरा और आधुनिक शिक्षा के संगम को दर्शाते हुए हवन-पूजन के साथ ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम विश्वविद्यालय परिसर के ई-2 ब्लॉक में आयोजित हुआ, जिसमें वरिष्ठ छात्र, शिक्षक और विभिन्न संस्थानों के निदेशक शामिल हुए।कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक विधि से हवन-पूजन के साथ की गई, जिसमें विश्वविद्यालय की वाइस चांसलर डॉ. बलविंदर शुक्ला और एमिटी ग्रुप वाइस चांसलर डॉ. गुरिंदर सिंह ने आहुतियां अर्पित कीं। इसके बाद विषम सेमेस्टर के वरिष्ठ छात्रों के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर डॉ. बलविंदर शुक्ला ने कहा कि एमिटी विश्वविद्यालय में नए सत्र की शुरुआत ईश्वर के आशीर्वाद के साथ करना एक पुरानी परंपरा है, जिसे हर वर्ष निभाया जाता है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य केवल शैक्षणिक ज्ञान देना नहीं है, बल्कि छात्रों को कौशल विकास और नैतिक मूल्यों से भी जोड़ना है, ताकि वे सफल पेशेवर के साथ-साथ जिम्मेदार नागरिक बन सकें।उन्होंने छात्रों से मेहनत, अनुशासन, ईमानदारी और निरंतर सीखने की आदत अपनाने की अपील की।वहीं एमिटी ग्रुप वाइस चांसलर डॉ. गुरिंदर सिंह ने कहा कि यह समय छात्रों के जीवन का महत्वपूर्ण चरण है, जो उनके करियर और भविष्य की दिशा तय करता है। उन्होंने कहा कि एमिटी विश्वविद्यालय छात्रों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शिक्षा और विकास के कई अवसर प्रदान करता है।
उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी ऊर्जा और प्रतिभा को सही दिशा में लगाने और लगातार आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम का लाइव वेबकास्ट भी किया गया, जिससे ऑनलाइन जुड़े छात्र और अभिभावक भी इस आयोजन का हिस्सा बन सके।इस मौके पर एमिटी साइंस, टेक्नोलॉजी एंड इनोवेशन फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. डब्ल्यू. सेल्वामूर्ति, एमिटी लॉ स्कूल के चेयरमैन डॉ. डी.के. बंद्योपाध्याय, एमिटी विश्वविद्यालय के एडिशनल प्रो वाइस चांसलर डॉ. संजीव बंसल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी, शिक्षक और छात्र मौजूद रहे।





