उत्तर प्रदेश

Bijnor में वृक्षारोपण महायज्ञ-2026, 66 लाख पौधों से बढ़ेगी हरियाली

Ratna Netam
12 July 2026 7:17 PM IST
Bijnor  में वृक्षारोपण महायज्ञ-2026, 66 लाख पौधों से बढ़ेगी हरियाली
x

Bijnor बिजनौर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चलाए जा रहे “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत बिजनौर जनपद में रविवार को बड़े स्तर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। महात्मा विदुर स्वशासी राजकीय मेडिकल कॉलेज परिसर में आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री अनिल कुमार ने पौधारोपण कर अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी जसजीत कौर सहित जिले के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अभियान के तहत विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए और लोगों को पौधों की सुरक्षा एवं देखभाल का संकल्प दिलाया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार ने कहा कि बिजनौर महात्मा विदुर की पावन भूमि है और यहां के लोगों को पर्यावरण संरक्षण के इस महाअभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि “एक पेड़ मां के नाम” अभियान केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह लोगों को भावनात्मक रूप से प्रकृति से जोड़ने की एक पहल है।

उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में प्रकृति को मां का दर्जा दिया गया है। हमारे कई पेड़-पौधे धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़े हुए हैं। ऋषि-मुनियों ने भी प्रकृति संरक्षण को मानव जीवन की सुरक्षा का आधार बताया है। उन्होंने चिंता जताई कि लगातार पेड़ों की कमी के कारण तापमान में वृद्धि हो रही है और पर्यावरण असंतुलन बढ़ रहा है। ऐसे में प्रत्येक नागरिक को अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ उनकी देखभाल की जिम्मेदारी भी निभानी होगी।

मंत्री ने बताया कि वर्ष 2017 से अब तक उत्तर प्रदेश में 242 करोड़ से अधिक पौधों का रोपण किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि सरकार की इच्छाशक्ति और जनता की भागीदारी का परिणाम है।

वृक्षारोपण अभियान के नोडल अधिकारी एवं आयुक्त निबंधन एवं सहकारिता योगेश कुमार ने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण हर नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने लोगों से पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आने और पौधारोपण अभियान को जन आंदोलन बनाने की अपील की।

जिलाधिकारी जसजीत कौर ने कहा कि जनसहभागिता के माध्यम से जिले में हरित क्षेत्र बढ़ाने का लक्ष्य पूरा किया जाएगा। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि वे पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी सुरक्षा का भी संकल्प लें।

प्रभागीय वन अधिकारी ने बताया कि वर्ष 2017 से अब तक बिजनौर जनपद में लगभग 6 करोड़ पौधों का रोपण किया जा चुका है। इस वर्ष वृक्षारोपण महाअभियान के तहत एक ही दिन में 66 लाख से अधिक पौधे लगाए गए हैं। उन्होंने बताया कि वन विभाग की 29 नर्सरियों के माध्यम से आम लोगों को निशुल्क पौधे उपलब्ध कराए गए हैं।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष साकेत प्रताप सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष भूपेंद्र चौहान, नगर पालिका अध्यक्ष इंदिरा सिंह, मुख्य विकास अधिकारी रणविजय सिंह, डीसीजी राम, आरबी यादव, प्रभागीय निदेशक वानिकी जय सिंह कुशवाहा सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

सभी उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने और लगाए गए पौधों की देखभाल करने का संकल्प लिया। अधिकारियों ने कहा कि हरियाली बढ़ाने और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण देने के लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।

Next Story