- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Kundaura,के पास भीषण...
Kundaura,के पास भीषण सड़क हादसा, ट्रक की टक्कर से ई-रिक्शा क्षतिग्रस्त

Hamirpur हमीरपुर : उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। सुमेरपुर थाना क्षेत्र के कुंडौरा गांव के पास हाईवे पर एक तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ई-रिक्शा सवार साले-बहनोई समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के लिए सभी को जिला अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि एक घायल का इलाज जारी है।
घटना के बाद मृतकों के परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मौदहा कोतवाली क्षेत्र के लोहारी गांव निवासी कुलदीप (32), राजेश (30) और पाटनपुर निवासी पवन (28) किसी रिश्तेदारी के सिलसिले में ई-रिक्शा से सुमेरपुर थाना क्षेत्र के कुंडौरा गांव गए थे। बताया जा रहा है कि कुलदीप की पत्नी रेखा को प्रसव पीड़ा होने के बाद परिजन उसे मौदहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर गए थे। पत्नी के अस्पताल में भर्ती होने की सूचना मिलने पर कुलदीप वापस मौदहा जाने के लिए ई-रिक्शा से निकला था।
ई-रिक्शा में बाइक भी लदी हुई थी। हादसे के समय तीनों लोग ई-रिक्शा की आगे वाली सीट पर बैठे थे। जैसे ही ई-रिक्शा कुंडौरा गांव से आगे हाईवे पर पहुंचा, तभी पीछे से आ रहे एक अज्ञात ट्रक ने उसमें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार तीनों लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने कुलदीप और पवन की हालत गंभीर देखते हुए जांच की, लेकिन दोनों को मृत घोषित कर दिया। वहीं राजेश का इलाज अस्पताल में जारी है।
सुमेरपुर थाना प्रभारी पवन कुमार पटेल ने बताया कि हादसे में दो लोगों की मौत हुई है, जबकि एक घायल का उपचार चल रहा है। मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई जा रही है। पुलिस अज्ञात वाहन और चालक की तलाश में जुटी हुई है।
इस हादसे ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सबसे दुखद बात यह रही कि जिस समय कुलदीप सड़क हादसे का शिकार हुआ, उसी दौरान उसकी पत्नी ने अस्पताल में एक बेटी को जन्म दिया। परिवार में जहां बेटी के जन्म की खुशी होनी थी, वहीं हादसे की खबर से मातम छा गया।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही दुर्घटना करने वाले वाहन की पहचान कर आरोपी चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।





