उत्तर प्रदेश

Greater नोएडा में दर्दनाक हादसा, पैदल जा रहे तीन युवकों की मौत

Ratna Netam
9 July 2026 3:58 PM IST
Greater  नोएडा में दर्दनाक हादसा, पैदल जा रहे तीन युवकों की मौत
x

Noida नोएडा : ग्रेटर नोएडा में तेज रफ्तार वाहनों का कहर लगातार जारी है। जेवर थाना क्षेत्र में गुरुवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में सड़क किनारे पैदल जा रहे तीन युवकों की मौत हो गई। वहीं, दादरी थाना क्षेत्र में हुए अलग-अलग सड़क हादसों में दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

जेवर में तेज रफ्तार वाहन ने तीन युवकों को कुचला

जेवर थाना क्षेत्र के जेवर-खुर्जा मार्ग पर नीमका गांव के सामने गुरुवार को भीषण सड़क हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि तीन युवक सड़क किनारे पैदल जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।घटना की सूचना मिलते ही जेवर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं जांच कार्य शुरू किया। एडीसीपी ग्रेटर नोएडा संतोष कुमार ने बताया कि हादसे में मृतकों की पहचान करन (22) पुत्र मिथलेश, विश्वजीत (24) पुत्र सतीश और मिथुन (25) के रूप में हुई है। तीनों युवक बिहार के अररिया जिले के रहने वाले थे।प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तीनों युवक धान की रोपाई के काम के लिए बिहार से ग्रेटर नोएडा आए थे। हादसे के समय वे सड़क किनारे पैदल जा रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।पुलिस के मुताबिक, दुर्घटना में शामिल वाहन की पहचान स्कॉर्पियो के रूप में की गई है। चालक की पहचान भी कर ली गई है। पुलिस ने मृतकों के शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपी चालक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई है।

दादरी में दो अलग-अलग हादसों में महिलाएं घायल

वहीं, दादरी थाना क्षेत्र में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। थाना प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार मिश्रा ने बताया कि पहला मामला चिटैहरा गांव के पास का है।अंबेडकर कॉलोनी निवासी आनंद पुत्र चरण सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी मां चंद्रकला ऑटो रिक्शा से जा रही थीं। इसी दौरान चिटैहरा गांव के पास एक अज्ञात कार चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से ऑटो में टक्कर मार दी। हादसे में चंद्रकला गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।दूसरे मामले में अंकित कुमार ने शिकायत दर्ज कराई कि तेज गति से कार चला रहे एक चालक ने पैदल जा रहे उनके साथी मनोज कुमार को टक्कर मार दी। हादसे में मनोज गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें भी उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।पुलिस ने दोनों मामलों में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सड़क हादसों को रोकने के लिए यातायात नियमों का पालन जरूरी है। साथ ही लापरवाही से वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।ग्रेटर नोएडा में लगातार सामने आ रहे सड़क हादसों ने एक बार फिर तेज रफ्तार और यातायात सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अब दुर्घटनाओं की जांच के साथ-साथ दोषी वाहन चालकों पर कार्रवाई की तैयारी कर रही है।

Next Story