- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- ट्रक जांच के दौरान...

Kanpur के बर्रा एलिवेटेड रोड पर सोमवार तड़के करीब 4 बजे हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। ड्यूटी पर तैनात दो ट्रैफिक सिपाही ट्रक के दस्तावेजों की जांच कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार कंटेनर ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही एक ट्रैफिक सिपाही और ट्रक चालक की मौत हो गई, जबकि दूसरा सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, ट्रैफिक कांस्टेबल जितेंद्र कुमार और राकेश कुमार की ड्यूटी नौबस्ता चौराहे पर थी। उसी दौरान झारखंड नंबर का एक खाली ट्रक पनकी स्थित प्लांट की ओर जा रहा था। दोनों सिपाहियों ने ट्रक को रोककर दस्तावेजों की जांच शुरू की। जांच के दौरान ट्रक चालक से फोन पर मालिक से भी बात कराई गई, जो बिहार के भोजपुर निवासी बताए गए हैं। इसी बीच अचानक पीछे से तेज रफ्तार में आया माल से लदा कंटेनर अनियंत्रित होकर ट्रक से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक करीब 50 मीटर तक घिसटता चला गया और सिपाही व चालक उसकी चपेट में आ गए।
हादसे में ट्रैफिक कांस्टेबल जितेंद्र कुमार और ट्रक चालक रितेश कुमार यादव की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरे सिपाही राकेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत कांशीराम अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
मृतक सिपाही जितेंद्र कुमार 2018 बैच के थे और मूल रूप से आगरा के रहने वाले थे। घायल सिपाही राकेश कुमार बुलंदशहर जिले के निवासी हैं। ट्रक चालक रितेश कुमार यादव बिहार के भोजपुर जिले का रहने वाला था और खाली ट्रक लेकर पनकी की ओर जा रहा था।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बर्रा एलिवेटेड रोड पर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही अपर पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) डॉ. विपिन टाडा और डीसीपी ट्रैफिक रवींद्र कुमार मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर करीब दो घंटे बाद यातायात सामान्य कराया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसा इतना तेज था कि कुछ ही सेकंड में पूरा घटनास्थल चीख-पुकार में बदल गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर हाईवे और एलिवेटेड रोड पर तेज रफ्तार वाहनों की लापरवाही पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस प्रशासन ने भी भारी वाहनों की गति नियंत्रण और सड़क सुरक्षा नियमों के पालन पर सख्ती बढ़ाने के संकेत दिए हैं।





