उत्तर प्रदेश

Kashi की सुंदरता बिगाड़ने वालों की खैर नहीं, नगर निगम ने जारी की चेतावनी

Ratna Netam
14 July 2026 9:20 PM IST
Kashi  की सुंदरता बिगाड़ने वालों की खैर नहीं, नगर निगम ने जारी की चेतावनी
x

Varanasi वाराणसी : धार्मिक और पर्यटन नगरी वाराणसी की खूबसूरती को बनाए रखने के लिए नगर निगम प्रशासन ने अवैध पोस्टर, बैनर और वॉल पेंटिंग के खिलाफ सख्त रुख अपना लिया है। शहर की सड़कों, सार्वजनिक स्थानों और दीवारों पर बिना अनुमति प्रचार सामग्री लगाने वाली संस्थाओं और लोगों पर अब कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम ने स्पष्ट कर दिया है कि नियमों की अनदेखी करने वालों को जुर्माने के साथ कानूनी कार्रवाई का भी सामना करना पड़ सकता है।

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने मंगलवार को बताया कि शहर में जगह-जगह लगाए गए अवैध होर्डिंग्स, पोस्टर और बैनर न केवल शहर की सुंदरता को प्रभावित कर रहे हैं, बल्कि यातायात व्यवस्था में भी बाधा पैदा कर रहे हैं। इसे देखते हुए नगर निगम जल्द ही व्यापक अभियान शुरू करने जा रहा है। इस अभियान के तहत शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लगी अवैध प्रचार सामग्री को हटाया जाएगा और संबंधित सामग्री को जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी।

नगर आयुक्त ने बताया कि निगम की टीम द्वारा अवैध पोस्टर और बैनर लगाने वाले लोगों और संस्थाओं को चिन्हित किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नगर निगम अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि शहर की सार्वजनिक दीवारों और स्थानों का इस्तेमाल प्रचार के लिए करने से पहले नगर निगम से अनुमति लेना अनिवार्य है।

उन्होंने निजी और व्यावसायिक संस्थाओं से अपील की है कि वे अपने स्तर पर अवैध पोस्टर, बैनर और वॉल पेंटिंग को तत्काल हटा लें। यदि ऐसा नहीं किया गया तो नगर निगम प्रशासन स्वयं कार्रवाई करते हुए इन्हें हटाएगा और इस पूरी प्रक्रिया में आने वाला खर्च संबंधित संस्था से जुर्माने के रूप में वसूला जाएगा।

नगर निगम प्रशासन का कहना है कि अवैध प्रचार सामग्री से शहर की सुंदरता प्रभावित होने के साथ-साथ स्वच्छता अभियान पर भी असर पड़ता है। कई बार सड़क किनारे लगाए गए होर्डिंग्स और बैनर दुर्घटनाओं का कारण भी बन सकते हैं। ऐसे में शहर को व्यवस्थित और सुंदर बनाए रखने के लिए इस तरह की गतिविधियों पर रोक लगाना जरूरी है।

नगर आयुक्त ने नागरिकों और व्यापारिक संगठनों से अपील की कि वे काशी को स्वच्छ और आकर्षक बनाए रखने में नगर निगम का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि शहर की दीवारों और सार्वजनिक संपत्तियों को नुकसान पहुंचाने वाली किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि बिना अनुमति दीवारों पर पेंटिंग करने, पोस्टर चिपकाने या प्रचार सामग्री लगाने वालों के खिलाफ आर्थिक दंड लगाया जाएगा। गंभीर मामलों में संबंधित लोगों और संस्थाओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई भी की जा सकती है।

नगर निगम के इस फैसले के बाद अवैध प्रचार करने वालों में हड़कंप मच गया है। प्रशासन का कहना है कि अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि वाराणसी की ऐतिहासिक पहचान, स्वच्छता और सुंदरता को बनाए रखा जा सके।

Next Story