उत्तर प्रदेश

Locked house में 26 घंटे रहे चोर, सामान लेकर फरार

Ratna Netam
28 Jun 2026 5:20 PM IST
Locked house में 26 घंटे रहे चोर, सामान लेकर फरार
x
गंभीर रूप ले लिया।

Lucknow लखनऊ : गुडंबा थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज चोरी का मामला सामने आया है, जहां चोरों ने न सिर्फ लाखों की चोरी की बल्कि लगभग 26 घंटे तक घर के अंदर ही डेरा जमाए रखा। घटना बसेरा विहार कॉलोनी, कल्याणपुर की है, जहां बंद मकान को निशाना बनाया गया।

पीड़ित प्रशांत मणि त्रिपाठी 31 मई को अपने बच्चों के साथ काम के सिलसिले में गुरुग्राम चले गए थे। घर बंद होने का फायदा उठाकर चोरों ने 25 जून की रात लगभग 12:32 बजे घर में प्रवेश किया। सीसीटीवी फुटेज में दो चोर घर में घुसते हुए साफ नजर आए हैं।जानकारी के अनुसार, दोनों चोर करीब 26 घंटे तक घर के अंदर ही रुके रहे। इस दौरान उन्होंने घर के सामान का खुलेआम इस्तेमाल किया। चोरों ने शराब पी, खाना खाया, एसी चलाया और ड्राई फ्रूट्स भी खाए। इतना ही नहीं, उन्होंने घर की दीवारों और शीशों पर अभद्र गालियां लिखीं और अश्लील चित्र भी बनाए, जिससे पूरे मामले ने और गंभीर रूप ले लिया।

इसके बाद 26 जून की रात लगभग 2:15 बजे दोनों आरोपी चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात और 26 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई, जिसमें चोरों की गतिविधियां साफ दिखाई दे रही हैं।27 जून को जब प्रशांत मणि त्रिपाठी अपने घर लौटे तो उन्होंने देखा कि घर के ताले टूटे हुए हैं और सामान बिखरा पड़ा है। जांच करने पर पता चला कि पत्नी के कीमती आभूषण और नकदी चोरी हो चुकी है। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी और सीसीटीवी फुटेज सौंपते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।

पुलिस के अनुसार, थाना गुडंबा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी अंजनी कुमार ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।इस घटना ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों में भी इस बात को लेकर चिंता है कि चोर इतने लंबे समय तक घर में रहकर वारदात को अंजाम देकर आसानी से फरार हो गए।फिलहाल पुलिस आसपास के CCTV कैमरों की जांच कर रही है और संदिग्धों की पहचान के लिए टीम गठित कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।

Next Story