उत्तर प्रदेश

खेत पर हुआ विवाद, पति ने पत्नी समेत खुद की जिंदगी खत्म की

Saba Naaz
14 July 2026 6:45 PM IST
खेत पर हुआ विवाद, पति ने पत्नी समेत खुद की जिंदगी खत्म की
x

शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के खुटार क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। महोलिया वीरान गांव में खेत पर हुए विवाद के बाद एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

जानकारी के अनुसार, गांव निवासी हरिपाल का अपनी पत्नी लक्ष्मी देवी से लंबे समय से विवाद चल रहा था। दोनों के बीच पारिवारिक कलह के चलते अलग-अलग रह रहे थे। हरिपाल अपने बड़े बेटे नरोत्तम के साथ रहता था, जबकि पत्नी लक्ष्मी देवी छोटे बेटे जंगबहादुर के घर में रह रही थी।

मंगलवार शाम करीब साढ़े पांच बजे दोनों किसी काम से खेत पर पहुंचे थे। घर से लगभग डेढ़ सौ मीटर दूर खेत में किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि हरिपाल ने तमंचा निकाल लिया और पत्नी लक्ष्मी देवी के सीने में गोली मार दी।

गोली लगने से लक्ष्मी देवी की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद हरिपाल ने उसी तमंचे से अपने पेट में भी गोली मार ली। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी पुलिस को दी।

ग्रामीणों की मदद से घायल हरिपाल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही खुटार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते यह घटना हुई। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल तमंचे और अन्य साक्ष्यों की जांच शुरू कर दी है।

घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है। ग्रामीणों के अनुसार, दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से आपसी विवाद की बातें सामने आती रही थीं। किसी ने भी नहीं सोचा था कि विवाद इतना गंभीर रूप ले लेगा।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की पूरी जांच की जा रही है। घायल हरिपाल के बयान और अन्य परिजनों से पूछताछ के बाद घटना के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।

Next Story