- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Saharanpur, में चोरी...
Saharanpur, में चोरी का खुलासा, पांच महिला अभियुक्त गिरफ्तार और नकदी बरामद

Saharanpur सहारनपुर : थाना कोतवाली नगर पुलिस ने चोरी की घटना का सफल अनावरण करते हुए पांच महिला अभियुक्ताओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किए गए 50 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार महिलाओं ने एक बुजुर्ग व्यक्ति की जेब से रुपये चोरी करने की घटना को अंजाम दिया था।
पुलिस के मुताबिक, 13 जुलाई 2026 को थाना कोतवाली नगर में ग्राम दैदनौर थाना नकुड़ निवासी सरजीत पुत्र ज्ञान सिंह ने तहरीर देकर बताया था कि कुछ अज्ञात महिलाओं ने उनकी जेब से 50 हजार रुपये चोरी कर लिए। पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 168/26 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी नगर प्रथम के निर्देशन में थाना कोतवाली नगर पुलिस की तीन टीमों का गठन किया गया। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने तकनीकी सहायता और मुखबिर तंत्र के आधार पर जांच आगे बढ़ाई।
पुलिस ने यक्ष ऐप की मदद से मामले में फरार चल रही पांच महिला अभियुक्ताओं की पहचान की। इसके बाद मुखबिर की सूचना पर जुबली पार्क के पास कोतवाली नगर क्षेत्र से पांचों महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार महिलाओं की पहचान सोमवती पत्नी आशीष, नैना पुत्री सुकेन्द्र, संध्या पत्नी धीरज, सुरेखा पत्नी सुरेन्द्र और किरण पत्नी राम के रूप में हुई है। सभी महिलाएं प्रतापगढ़ जिले के थाना कुंडा क्षेत्र की रहने वाली बताई गई हैं।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार महिलाओं के कब्जे से चोरी किए गए 50 हजार रुपये नकद बरामद हुए हैं। बरामदगी के आधार पर दर्ज मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस पूछताछ में महिलाओं ने बताया कि वे घूम-घूमकर मांगने खाने का काम करती हैं और मौका मिलने पर छोटी-मोटी चोरी की घटनाओं को अंजाम देती हैं। उन्होंने बताया कि घटना वाले दिन वे सहारनपुर शहर के घंटाघर क्षेत्र में मौजूद थीं। इसी दौरान उन्हें एक उम्रदराज व्यक्ति दिखाई दिया, जिसने कुर्ता-पायजामा पहन रखा था। उसकी जेब में नोटों की गड्डी दिखाई देने पर उन्होंने मौका पाकर रुपये निकाल लिए।
महिलाओं ने पुलिस को बताया कि चोरी की गई रकम में 500-500 रुपये के 100 नोट थे, जिनकी कुल कीमत 50 हजार रुपये थी। उन्होंने रुपये आपस में बराबर बांट लिए थे। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के समय उनके पास से बरामद रकम वही है, जो उन्होंने बुजुर्ग व्यक्ति की जेब से चोरी की थी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना का खुलासा टीम की सक्रियता और तकनीकी सहयोग से संभव हुआ। पुलिस का कहना है कि जिले में चोरी और अन्य अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।





