उत्तर प्रदेश

दुल्हन की तरह सजाकर रखा गया युवती का शव

Ratna Netam
14 Aug 2026 2:10 PM IST
दुल्हन की तरह सजाकर रखा गया युवती का शव
x
कानपुर : उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में छह माह की गर्भवती युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घाटमपुर क्षेत्र के पतारा कस्बे में तिलसड़ा रोड स्थित एक बगीचे में गुरुवार सुबह 25 वर्षीय युवती का शव मिला। युवती करीब एक महीने से अपने घर से लापता थी। परिजनों ने उसके प्रेमी पर हत्या का आरोप लगाया है। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। डॉक्टरों ने विसरा और गर्भस्थ शिशु का डीएनए नमूना सुरक्षित रखा है।
जानकारी के अनुसार, स्थानीय लोगों ने तिलसड़ा रोड पर केवड़िया मोड़ के पास स्थित बगीचे में एक युवती का शव देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। शव एक पेड़ के नीचे लाल रंग के दुपट्टे पर व्यवस्थित तरीके से रखा हुआ था। युवती के पैरों की तीसरी उंगलियों में नई बिछिया पहनी हुई थी। उसके माथे पर लाल बिंदी लगी थी और लिपस्टिक से उसकी मांग भरी गई थी। होठों पर भी वही लिपस्टिक लगी मिली। घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए पुलिस मामले को संदिग्ध मानकर जांच कर रही है।
सूचना मिलते ही एसीपी कृष्णकांत यादव और थाना प्रभारी मनोज भदौरिया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से कई नमूने और संदिग्ध वस्तुएं एकत्र की हैं। डॉग स्क्वायड बगीचे से करीब एक किलोमीटर दक्षिण दिशा की ओर गया, लेकिन बाद में वापस घटनास्थल पर लौट आया।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि युवती ने तीन साल पहले बीएससी की पढ़ाई पूरी की थी। इसके बाद वह नौकरी करने गुरुग्राम चली गई और करीब डेढ़ साल वहां रही। फिर वह कानपुर लौटकर एक कंपनी में काम करने लगी। इसी दौरान उसकी पहचान लालबंगला क्षेत्र के घाऊखेड़ा निवासी एक युवक से हुई थी। दोनों एक ही कंपनी में नौकरी करते थे और उनके बीच प्रेम संबंध होने की बात सामने आई है।
परिवार के मुताबिक, युवक ने खुद को अनाथ बताया था और युवती से शादी करने की इच्छा जताई थी। कुछ समय उसके साथ रहने के दौरान युवती गर्भवती हो गई। वह करीब तीन महीने पहले अपने गांव लौट आई थी। परिजनों का दावा है कि 11 जुलाई को वह युवक के बुलाने पर कानपुर गई थी। उस दिन उसकी परिवार से बातचीत हुई, लेकिन इसके बाद उसका संपर्क टूट गया। तभी से परिजन उसकी तलाश कर रहे थे।
युवती की मां ने बताया कि युवक ने फोन पर उनकी बेटी को अपने पास बुलाया था। उसने कथित तौर पर शादी करने और उसे अपनाने का भरोसा दिया था। परिवार ने अब उसी युवक पर संदेह जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि आरोपों की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
तीन डॉक्टरों के पैनल ने वीडियोग्राफी के बीच शव का पोस्टमार्टम किया। प्रारंभिक जांच में युवती के छह माह की गर्भवती होने की पुष्टि हुई है। मौत का स्पष्ट कारण नहीं मिलने के कारण विसरा सुरक्षित किया गया है। पुलिस को आशंका है कि मौत जहरीला पदार्थ खाने या खिलाने से भी हो सकती है, लेकिन इसकी पुष्टि फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही होगी। गर्भस्थ शिशु का डीएनए नमूना भी सुरक्षित किया गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर संदिग्ध व्यक्ति के डीएनए से मिलान कराया जा सके।
पुलिस युवती के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल रिकॉर्ड का इंतजार कर रही है। मुख्य मार्ग और आसपास की दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। फुटेज में एक एंबुलेंस दिखाई देने की बात सामने आई है, जबकि घटनास्थल पर मिले टायरों के निशान किसी छोटी गाड़ी के बताए जा रहे हैं। बगीचे से बड़ी संख्या में शराब की खाली बोतलें, क्वार्टर, गिलास और पानी की बोतलें मिली हैं। पुलिस ने कुछ नई बोतलों और गिलासों को जांच के लिए कब्जे में लिया है। मामले की जांच कई पहलुओं से जारी है।
Next Story