- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- CCTV और सर्विलांस से...

Ghaziabad गाजियाबाद : पुलिस कमिश्नरेट गाजियाबाद के मसूरी थाना क्षेत्र में 2 लाख 25 हजार रुपये की कथित लूट की घटना का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। मामले में चौंकाने वाली बात यह सामने आई है कि पूरी लूट की साजिश शिकायतकर्ता के ही रिश्तेदार और पूर्व कर्मचारी ने अपने साथियों के साथ मिलकर रची थी।
पुलिस के अनुसार 5 जुलाई को रिजवान ने शिकायत दर्ज कराई थी कि फैक्ट्री से मंगाए गए 2 लाख 25 हजार रुपये बाइक सवार तीन बदमाश लूटकर फरार हो गए। शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
मसूरी थाना पुलिस और स्वाट टीम ग्रामीण जोन ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से जांच आगे बढ़ाई। जांच में सामने आया कि इस घटना की योजना पहले से बनाई गई थी।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि रुपये लेने गया शिकायतकर्ता का भांजा नवेद अपने साथी शादाब, फुरकान और शोएब के साथ मिलकर पूरी साजिश में शामिल था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नवेद, शादाब और फुरकान को गिरफ्तार कर लिया, जबकि शोएब मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।गिरफ्तार आरोपियों के पास से कथित लूट की रकम में से 1 लाख 67 हजार रुपये और घटना में इस्तेमाल की गई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पूछताछ में आरोपी नवेद ने स्वीकार किया कि रुपये देखकर उसके मन में लालच आ गया था। इसके बाद उसने अपने साथियों के साथ मिलकर फर्जी लूट की कहानी तैयार की, ताकि किसी को शक न हो सके।पुलिस ने बताया कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।





