उत्तर प्रदेश

बुजुर्ग किसान को मृत घोषित किया, पीड़ित ने जिलाधिकारी से लगाई गुहार

Admin Delhi 1
18 March 2023 9:43 AM GMT
बुजुर्ग किसान को मृत घोषित किया, पीड़ित ने जिलाधिकारी से लगाई गुहार
x

कानपुर देहात: जनपद के माती मुख्यालय में शनिवार को उस वक्त हड़कम्प मच गया जब एक मुर्दा अपने पैरों से चल कर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंच गया। उसने जिलाधिकारी से मिलकर अपनी समस्या बयां की और अभिलेखों में सुधार करा कर अपने को जिंदा करने की मांग की। जिलाधिकारी ने मामले में जांच कर कार्यवाही की बात कही है।

कानपुर देहात के ब्लॉक मालासा क्षेत्र के ग्राम सिथरा बुजुर्ग गांव में रहने वाले वृद्ध किसान राम औतार को सचिव ने अभिलेखों में मृत घोषित कर दिया। जिसकी वजह से बुजुर्ग किसान को तमाम सरकारी योजनाओं का लाभ मिलना बन्द हो गया। कई महीनों से उसको किसान सम्मान निधि और वृद्धावस्था पेंशन नहीं मिली तो उसने अधिकारियों के चौखट के चक्कर काटना शुरू किया। काफी समय तक चक्कर काटने के बाद उसको पता चला कि सचिव ने कागजों में उसे मृत घोषित कर दिया गया है जिसकी वजह वह सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित हो गया है। जैसे ही बुजुर्ग किसान ने खुद को मृत होने की बात सुनी तो उसके होश उड़ गए। उसने फिर तमाम अधिकारियों की चौखट पर जाकर खुद को जिंदा साबित करने प्रयास शुरु किया।

तहसील से लेकर जनपद की जिलाधिकारी कार्यालय तक उसने खूब दौड़-भाग की लेकिन अधिकारियों ने इस पूरे मामले को नजरअंदाज कर दिया। जिसके बाद उसने कानपुर के मण्डलायुक्त डॉ राजशेखर से शिकायत की। जिसके बाद इस पूरे मामले में अपर आयुक्त प्रशासन प्रेम प्रकाश उपाध्याय ने जिले के अधिकारियों को जांच कराने के साथ दोषी पर कार्रवाई के निर्देश दिए थे। मामले में काफी समय बीतने के बाद भी कोई कार्यवाही नहीं हुई, तो राम औतार ने दोबारा शिकायत मंडलायुक्त डॉ राजशेखर से की। इस पर आयुक्त ने कानपुर देहात के जिलाधिकारी व सीडीओ को जांच कराने के साथ दोषी कर्मचारी पर कार्रवाई कर 15 दिसंबर तक रिपोर्ट तलब की है।

तय समय 15 दिसम्बर 2022 बीत गया। उसके बाद तीन महीने और गुजर जाने के बाद शनिवार को पुनः कागजों पर मृत घोषित राम औतार जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचा और अपने आप को जिंदा करवाने की गुहार डीएम से लगाई। इस बार भी उसे पहले की तरह रटा-रटाया जवाब मिला जांच कर कार्यवाही होगी।

इस सम्बंध में मुख्य विकास अधिकारी सौम्या पांडे ने बताया कि अभिलेखों में बुजुर्ग किसान को मृत दिखाने का मामला सामने आया है। मामले की जांच के लिए टीम गठित कर दी गई है। जल्द ही जांच कर सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Next Story