- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- रेलवे स्टेशन के बाहर...

Uttar Pradesh उत्तर प्रदेश: गुरुवार को रेलवे स्टेशन गेट के बाहर उस समय हंगामे की स्थिति बन गई जब टीईटी परीक्षा देने आए तीन अभ्यर्थियों के साथ दुकानदार और उसके सहयोगियों द्वारा मारपीट किए जाने का मामला सामने आया। पीड़ितों का आरोप है कि यह पूरी घटना पुलिस की मौजूदगी में हुई, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत हस्तक्षेप नहीं किया।
घटना के बाद तीनों घायल अभ्यर्थियों ने नगर कोतवाली पुलिस और डायल-112 पर सूचना देकर कार्रवाई की मांग की है। मामले ने स्थानीय स्तर पर तनाव का माहौल पैदा कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, टीईटी परीक्षा में शामिल होने आए तीन अभ्यर्थी रेलवे स्टेशन गेट के बाहर मौजूद थे। इनमें प्रतापगढ़ जिले के नगर कोतवाली क्षेत्र के अजीत नगर निवासी प्रमित, पड़ाव वार्ड निवासी स्वतंत्र कुमार और पुरानी आबकारी क्षेत्र निवासी आशीष कुमार शामिल हैं।
बताया जा रहा है कि इसी दौरान भोजन करने के दौरान प्याज मांगने को लेकर उनका एक दुकानदार से विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर मामला मारपीट तक पहुंच गया। आरोप है कि दुकानदार और उसके सहयोगियों ने तीनों अभ्यर्थियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, जिससे वे घायल हो गए।
पीड़ितों का कहना है कि घटना के समय पुलिस मौके पर मौजूद थी, लेकिन शुरुआती समय में किसी प्रकार की सख्त कार्रवाई नहीं की गई। इस कारण स्थिति और बिगड़ गई। बाद में स्थानीय लोगों की मदद से मामले को शांत कराया गया।
घटना के बाद अभ्यर्थियों ने पुलिस से शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि परीक्षा केंद्रों और रेलवे स्टेशन जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों में इस तरह की घटनाएं चिंता का विषय हैं और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की जरूरत है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पूरे मामले की जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। दोषियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





