- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Students को मिला...
Students को मिला सफलता का मंत्र, नंदिनी कुशवाहा ने साझा किए अनुभव

Deoband देवबंद : विद्यार्थियों के मानसिक, भावनात्मक और शैक्षणिक विकास को ध्यान में रखते हुए द दून वैली पब्लिक स्कूल देवबंद में कक्षा 9 से 12 तक के छात्रों के लिए विशेष काउंसलिंग एवं प्रेरणा सत्र का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में विद्यालय की पूर्व छात्रा और कमिश्नरी टॉपर नंदिनी कुशवाह ने विद्यार्थियों को सफलता के लिए जरूरी टिप्स दिए और अपने अनुभव साझा किए।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय परिवार द्वारा नंदिनी कुशवाह का तिलक लगाकर और पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत करते हुए किया गया। नंदिनी कुशवाह ने कक्षा 12 की बोर्ड परीक्षा में 99 प्रतिशत अंक हासिल कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया था। इसके साथ ही उन्होंने CUET (राजनीति विज्ञान) परीक्षा में 100 परसेंटाइल प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
प्रेरणादायी सत्र के दौरान नंदिनी कुशवाह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता पाने के लिए सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास, अनुशासन और निरंतर मेहनत बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, बल्कि नियमित अध्ययन, समय का सही प्रबंधन और अपने लक्ष्य के प्रति दृढ़ संकल्प ही सफलता की असली कुंजी है।
उन्होंने विद्यार्थियों को परीक्षा के तनाव से बचने और योजनाबद्ध तरीके से तैयारी करने की सलाह दी। नंदिनी ने कहा कि छात्रों को अपनी क्षमताओं पर भरोसा रखना चाहिए और असफलताओं से निराश होने के बजाय उनसे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने मानसिक स्वास्थ्य के महत्व पर भी चर्चा की और कहा कि किसी भी परेशानी या तनाव की स्थिति में विद्यार्थियों को अपने अभिभावकों, शिक्षकों और काउंसलर से खुलकर बातचीत करनी चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने नंदिनी कुशवाह से परीक्षा की तैयारी, करियर विकल्प, समय प्रबंधन और आत्मविश्वास बढ़ाने जैसे विषयों पर कई सवाल पूछे। नंदिनी ने अपने अनुभवों के आधार पर छात्रों के सवालों के सरल और प्रेरणादायक जवाब दिए। उनके संघर्ष और उपलब्धियों की कहानी ने विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय के चेयरमैन राजकिशोर गुप्ता ने कहा कि इस तरह के प्रेरणादायी कार्यक्रम विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ाने और उन्हें सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालय को अपनी पूर्व छात्रा की उपलब्धियों पर गर्व है और उनका मार्गदर्शन वर्तमान विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा।
विद्यालय की प्रधानाचार्या सीमा शर्मा ने भी नंदिनी कुशवाह की उपलब्धियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि पूर्व छात्रों की सफलता वर्तमान विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित करती है। ऐसे मार्गदर्शन कार्यक्रम छात्रों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने में मदद करते हैं।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार की ओर से नंदिनी कुशवाह को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। विद्यार्थियों ने इस सत्र को बेहद उपयोगी और यादगार बताते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की इच्छा जताई।





