- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- सोशल मीडिया पोस्ट बनी...

उत्तर प्रदेश: मेरठ में लूट के एक मामले में फरार चल रही आरोपी ज्योति चौधरी को पुलिस ने हरिद्वार से गिरफ्तार कर लिया है। खास बात यह है कि इंस्टाग्राम पर पुलिस को चुनौती देने और हनीमून के दौरान लगातार रील्स पोस्ट करने की वजह से उसकी लोकेशन ट्रेस हो गई, जिससे उसकी गिरफ्तारी संभव हो सकी। पुलिस के अनुसार, ज्योति चौधरी मेरठ के सरधना क्षेत्र में पेटीएम कंपनी के टीम लीडर से हुई लूट की वारदात के बाद से फरार थी। इस मामले में पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश कर रही थीं। इसी बीच उसने सोशल मीडिया पर एक वीडियो डालकर पुलिस को चुनौती दी थी, जिसमें उसने कहा था कि उसे पकड़ा नहीं जा सकता। यह वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने उसकी गतिविधियों पर नजर और तेज कर दी।
जानकारी के मुताबिक, ज्योति की शादी 23 जून को मोहित नागर से हुई थी, जिसके बाद वह अपने पति के साथ हनीमून मनाने हरिद्वार गई थी। इसी दौरान वह लगातार इंस्टाग्राम पर रील और पोस्ट शेयर कर रही थी। पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और सोशल मीडिया गतिविधियों के आधार पर उसकी लोकेशन ट्रेस की और शनिवार सुबह हरिद्वार में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। जांच में यह भी सामने आया है कि ज्योति पहले रागनी कार्यक्रमों में डांसर के रूप में काम कर चुकी है। पुलिस का दावा है कि वह महंगे शौक और ऐशो-आराम की जिंदगी के चलते लूट और चोरी जैसी वारदातों में शामिल हुई।
12 जून की रात हुई इस लूट में पीड़ित आकाश शर्मा, जो पेटीएम कंपनी में टीम लीडर हैं, बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान चार बदमाशों ने उन्हें रोककर मारपीट की और उनका मोबाइल व बाइक लूट ली। पीड़ित ने इस वारदात में एक महिला के शामिल होने की बात कही थी। इस मामले में पुलिस पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी और लूटी गई बाइक व मोबाइल बरामद कर लिया गया था। अब ज्योति चौधरी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस पूरे गिरोह की कड़ियों को जोड़ने में जुट गई है। अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पर दिखावा और पुलिस को चुनौती देना ही आरोपी के लिए भारी पड़ गया और उसकी गिरफ्तारी का सबसे बड़ा कारण बन गया।





