उत्तर प्रदेश

दुकान का विवाद बना खूनी संघर्ष, गोलीबारी से मचा हड़कंप

nidhi
25 Sept 2026 10:27 AM IST
दुकान का विवाद बना खूनी संघर्ष, गोलीबारी से मचा हड़कंप
x
गोलीबारी से लोगों में दहशत
फरीदाबाद: हरियाणा के फरीदाबाद की संजय कॉलोनी सेक्टर-23 में दुकान के बाहर सामान रखने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद हिंसक संघर्ष में बदल गया। गुरुवार रात दो पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई और फिर मारपीट, पथराव, तोड़फोड़ और कथित गोलीबारी शुरू हो गई। गोलियों की आवाज से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग डर के कारण अपने घरों में चले गए।
संजय कॉलोनी की एक गली में हाल ही में नई दुकान खोली गई है। गुरुवार रात दुकानदार अपनी दुकान के बाहर
स्टैंड बोर्ड
और अन्य सामान रख रहा था। गली में सामान रखने पर कुछ स्थानीय लोगों ने आपत्ति जताई। इसी बात को लेकर दुकानदार और स्थानीय लोगों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद दुकानदार ने अपने परिचितों को मौके पर बुला लिया। कुछ ही समय में करीब 40 से 45 लोग गली में पहुंच गए। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान कुछ लोगों ने कथित तौर पर गोलियां चला दीं। अचानक हुई फायरिंग से वहां मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमलावरों ने लाठी-डंडों से एक मकान के गेट को निशाना बनाया। घर के बाहर खड़ी तीन कारों के शीशे भी तोड़ दिए गए। आरोप है कि मकान की तरफ ईंट-पत्थर भी फेंके गए। गोलीबारी और पथराव के कारण गली में कुछ देर तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा। हालांकि गोलीबारी में किसी व्यक्ति के घायल होने की सूचना सामने नहीं आई है।
घटना की सूचना मिलते ही मुजेसर थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने शुरू किए। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि घटना में शामिल लोगों की पहचान की जा सके।
मुजेसर थाना प्रभारी पूरण सिंह के अनुसार रात करीब नौ बजे गोली चलने की सूचना पुलिस को मिली थी। प्रारंभिक जांच में दुकान के बाहर स्टैंड लगाने को लेकर दोनों पक्षों में विवाद होने की बात सामने आई है। इसके बाद फायरिंग की जानकारी मिली। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गोली किसने चलाई और विवाद में कितने लोग शामिल थे। सीसीटीवी फुटेज के साथ स्थानीय लोगों से भी जानकारी ली जा रही है। घटना में इस्तेमाल हथियार और आरोपियों की भूमिका को लेकर जांच जारी है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही गोलीबारी और हिंसा के पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Next Story