विश्व

समुद्र में बहे 17 सैनिक, 12 की मौत से कजाकिस्तान में मातम

nidhi
25 Sept 2026 9:40 AM IST
समुद्र में बहे 17 सैनिक, 12 की मौत से कजाकिस्तान में मातम
x
कजाकिस्तान में बड़ा सैन्य हादसा
अस्ताना: कजाकिस्तान में नौसैनिक सैन्य अभ्यास के दौरान बड़ा हादसा हो गया। कैस्पियन सागर के तट पर चल रहे युद्ध प्रशिक्षण के दौरान अचानक मौसम खराब होने और तेज हवाएं चलने से 17 सैन्यकर्मी समुद्र में बह गए। इनमें से 12 सैनिकों की मौत हो गई, जबकि तीन को सुरक्षित बचा लिया गया। बाकी दो सैनिकों की तलाश के लिए बड़े स्तर पर सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
यह हादसा गुरुवार, 24 सितंबर को कजाकिस्तान के पश्चिमी मैंगिस्टाऊ क्षेत्र में हुआ। क्षेत्रीय प्रशासन के मुताबिक सैन्यकर्मी एक कॉम्बैट ट्रेनिंग मिशन को अंजाम दे रहे थे। इसी दौरान मौसम की स्थिति अचानक बिगड़ गई और हवाओं की रफ्तार काफी बढ़ गई। तेज हवा और समुद्री लहरों की चपेट में आने से सैन्यकर्मी पानी में बह गए। हादसे की जानकारी मिलते ही बचाव दल को मौके पर भेजा गया। नौसेना के साथ आपातकालीन सेवाओं और अन्य संबंधित एजेंसियों को भी अभियान में लगाया गया। अधिकारियों के मुताबिक तीन सैन्यकर्मियों को बचा लिया गया है। वहीं 12 जवानों के शव बरामद किए गए हैं और दो लापता सैनिकों की तलाश लगातार की जा रही है।
शुरुआती जानकारी में मृतकों की संख्या नौ बताई गई थी और समुद्र में बहने वाले सैनिकों की संख्या 19 होने की बात सामने आई थी। हालांकि बाद में मैंगिस्टाऊ क्षेत्रीय प्रशासन ने सत्यापित आंकड़े जारी करते हुए बताया कि कुल 17 लोग समुद्र में बहे थे। इनमें 12 की मौत हुई, तीन को बचाया गया और दो अभी लापता हैं।
हादसे के बाद सरकार ने इसकी परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल पर एक उच्चस्तरीय आयोग भेजा गया है। अधिकारियों को यह पता लगाने की जिम्मेदारी दी गई है कि मौसम में अचानक आए बदलाव के दौरान सैनिकों की सुरक्षा के लिए क्या इंतजाम थे और किन परिस्थितियों में इतनी बड़ी संख्या में जवान समुद्र में बह गए। कजाकिस्तान के अभियोजक कार्यालय ने सैनिकों की मौत के मामले में आपराधिक जांच भी शुरू की है। जांच के लिए संबंधित एजेंसियों के अधिकारियों की टीम गठित की गई है और आवश्यक फोरेंसिक परीक्षण कराने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार ने मृत सैन्यकर्मियों के परिवारों को जरूरी आर्थिक और अन्य सहायता उपलब्ध कराने को भी कहा है।
यह हादसा ‘Khazar Qorgany 2026’ नौसैनिक अभ्यास के दौरान हुआ। यह अभ्यास 22 सितंबर को कैस्पियन सागर के कजाकिस्तान वाले हिस्से में शुरू हुआ था। इसमें 500 से अधिक सैन्यकर्मी, नौसैनिक जहाज और नौकाएं, कोस्ट गार्ड यूनिट तथा वायु रक्षा बलों के विमान शामिल थे। कजाकिस्तान के राष्ट्रपति कासिम-जोमार्ट टोकायेव ने हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए मृत सैनिकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई है। उन्होंने 25 सितंबर को पूरे देश में राष्ट्रीय शोक दिवस घोषित किया। फिलहाल दो लापता सैन्यकर्मियों की तलाश जारी है और हादसे के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
Next Story