उत्तर प्रदेश

हवाई यात्रियों को झटका! 25 मार्च के बाद से इंडिगो एयरलाइंस ने आगरा-मुंबई फ्लाइट की बंद, नौ महीने में ऐसा तीसरी बार हो रहा

Renuka Sahu
22 March 2022 5:19 AM GMT
हवाई यात्रियों को झटका! 25 मार्च के बाद से इंडिगो एयरलाइंस ने आगरा-मुंबई फ्लाइट की बंद, नौ महीने में ऐसा तीसरी बार हो रहा
x

फाइल फोटो 

इंडिगो एयरलाइंस ने आगरा को एक महीने के अंदर ही बड़ा झटका दे दिया है।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। इंडिगो एयरलाइंस ने आगरा को एक महीने के अंदर ही बड़ा झटका दे दिया है। दो मार्च को मुंबई-आगरा के बीच शुरू की गई उड़ान आखिरी बार अब 25 मार्च को आएगी। महज 23 दिन के अंदर ही इंडिगो एयरलाइंस ने मुंबई की उड़ान बंद कर दी है।

इंडिगो एयरलाइंस की वेबसाइट पर 27 मार्च से बुकिंग बंद कर दी गई है। केवल 25 मार्च तक की बुकिंग की जा रही है। इंडिगो एयरलाइंस ने इस उड़ान को बंद करने का कारण ऑपरेशनल गतिविधियों को बताया है, जबकि मुंबई-आगरा उड़ान फुल चल रही है और हर फ्लाइट में 350 से ज्यादा यात्री आ-जा रहे हैं।
नौ महीने में तीसरी बार होगी बंद
मुंबई से आगरा उड़ान के बंद होने का 9 महीने में यह तीसरा मौका है। बीते साल 22 जुलाई को शुरू हुई उड़ान केवल एक माह चली और अगस्त में बंद हो गई। इसी तरह 14 दिसंबर को फिर से मुंबई फ्लाइट शुरू की गई तो 18 जनवरी को कोरोना की तीसरी लहर में बंद कर दी गई।
एक माह पहले इंडिगो एयरलाइंस ने दो मार्च से मुंबई आगरा उड़ान फिर शुरू करने की घोषणा की और फ्लाइट शुरू की, पर 23 दिन बाद ही इसे फिर बंद किया जा रहा है। ये हाल तब है जब अचानक दो मार्च को शुरू की गई उड़ान हर दिन फुल चली है।
इंडिगो से समीक्षा करने को कहा
खेरिया एयरपोर्ट के डायरेक्टर एए अंसारी ने बताया कि 25 मार्च को मुंबई से आगरा की इंडिगो उड़ान आएगी, लेकिन उसके बाद शिड्यूल नहीं है। हमने इंडिगो एयरलाइंस से इसकी समीक्षा करने को कहा है। आगरा की उड़ान पूरी तरह से फुल और हिट है, ऐसे में इसे बंद न किया जाए। कंपनी की ओर से अभी कोई जवाब नहीं मिला है।
कंपनी का फैसला गलत
यात्री राजीव अग्रवाल ने कहा कि इंडिगो एयरलाइंस फ्लाइट के नाम पर मजाक कर रही है। एक-एक महीने के लिए तीन बार उड़ान बंद कर चुकी है। एक महीने से ज्यादा फ्लाइट चलाते नहीं। अचानक शुरू और अचानक बंद करने का यह फैसला गलत है।
उड्डयन मंत्री को लिखेंगे पत्र
नेशनल चैंबर के अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने कहा कि जो फ्लाइट फुल चल रही है, उसे बंद करने का क्या औचित्य है। लखनऊ फ्लाइट की वास्तविकता में जरूरत नहीं। तीन घंटे में लोग एक्सप्रेसवे से पहुंच सकते हैं, पर मुंबई की उड़ान चलनी चाहिए। हम उड्डयन मंत्री को पत्र लिख रहे हैं।
Next Story