उत्तर प्रदेश

Shamli: पाकिस्तान को खुफिया जानकारी भेजने वाला कैराना का युवक पानीपत से दबोचा गया

Admindelhi1
14 May 2025 4:26 PM IST
Shamli: पाकिस्तान को खुफिया जानकारी भेजने वाला कैराना का युवक पानीपत से दबोचा गया
x
"आतंकवादियों से था संपर्क"

शामली: हरियाणा के पानीपत में सीआईए-1 की टीम ने एक पाकिस्तानी जासूस को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान नौमान इलाही (24) के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के शामली जिले के कैराना का निवासी है। नौमान पर आरोप है कि वह भारतीय सेना की गतिविधियों और ट्रेनों की आवाजाही से जुड़ी खुफिया सूचनाएं पाकिस्तान भेज रहा था। जांच में खुलासा हुआ है कि वह सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तानी आतंकवादियों, विशेष रूप से एक आतंकी इकबाल, के संपर्क में था।

नौमान इलाही पानीपत के सेक्टर-29 में एक कारखाने में सुरक्षा गार्ड के रूप में काम कर रहा था। वह अपनी बहन जीनत के पास पानीपत की हॉली कॉलोनी में रहता था, जिसकी शादी यहीं हुई है। पुलिस ने नौमान के मोबाइल नंबर पर संदिग्ध गतिविधियों का पता लगने के बाद उसे हिरासत में लिया। पानीपत पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने गिरफ्तारी की पुष्टि की है और बताया कि सीआईए यूनिट उससे गहन पूछताछ कर रही है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, 6-7 मई 2025 को भारत द्वारा पाकिस्तान में किए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। संदिग्ध गतिविधियों की जांच के दौरान नौमान के फोन नंबर से पाकिस्तान में संपर्क की जानकारी मिली। इसके बाद उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई।

हरियाणा के एडीजी (क्राइम) कुलदीप यादव ने बताया कि नौमान ने पूछताछ में कबूल किया है कि वह लंबे समय से पाकिस्तान के एक व्यक्ति के संपर्क में था, जो उसे निर्देश देता था। पुलिस ने उसके पास से एक मोबाइल फोन, एक लैपटॉप और कुछ कागजात बरामद किए हैं। इन उपकरणों की वैज्ञानिक जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं, और आशंका है कि नौमान किसी बड़े जासूसी नेटवर्क का हिस्सा हो सकता है।

पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि नौमान ने किन सरकारी संस्थानों और संवेदनशील स्थानों की जानकारी साझा की। साथ ही, उसके संपर्क में रहे अन्य संदिग्धों की भी जांच की जा रही है। इस मामले में और खुलासे होने की संभावना है।

आपको बता दें कि पानीपत की सेक्टर 29 पुलिस ने कैराना के बेगमपुरा मोहल्ला निवासी नोमान इलाही को पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। नोमान पिछले कुछ सालों से पानीपत में अपनी बहन के पास रह रहा था और एक फैक्ट्री में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में काम करता था। पुलिस के अनुसार, वह सोशल मीडिया के जरिए भारत की सुरक्षा से जुड़ी संवेदनशील जानकारी पाकिस्तान भेज रहा था।

बुधवार सुबह करीब 6:00 बजे पानीपत सीआईए की टीम नोमान को साथ लेकर कैराना पहुंची। यहां उन्होंने मनी ट्रांसफर के मामले में एक जन सेवा केंद्र संचालक से गहन पूछताछ की। सीआईए ने संचालक को मनी ट्रांसफर का पूरा रिकॉर्ड लेकर पानीपत आने के लिए कहा। इसके बाद टीम नोमान को लेकर पानीपत लौट गई।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, नोमान के संबंध 1995 में देश छोड़कर पाकिस्तान भागे आईएसआई एजेंट इकबाल काना से भी सामने आए हैं। पानीपत के डीएसपी सतीश ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है और यह जांच की जा रही है कि वह आतंकियों के संपर्क में कैसे आया।

पुलिस के अनुसार, नोमान के पिता अहसान इलाही और माता कौशल बानो की करीब पांच साल पहले मृत्यु हो चुकी है। उसकी बहन की शादी पानीपत में हुई थी, जिसके चलते वह पिछले चार महीने से पानीपत में रह रहा था।

पुलिस इस बात की तहकीकात कर रही है कि नोमान ने किन-किन सूचनाओं को पाकिस्तान भेजा और उसका नेटवर्क कितना व्यापक है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है।

Next Story