उत्तर प्रदेश

Shahjahanpur: श्रद्धालुओं की कार ट्रक से टकराई, व्यापारी की पत्नी की मौत, छह घायल

Sarita
13 Jun 2025 11:40 AM IST
Shahjahanpur: श्रद्धालुओं की कार ट्रक से टकराई, व्यापारी की पत्नी की मौत, छह घायल
x
Shahjahanpur शाहजहांपुर: शाहजहांपुर के मीरानपुर कटरा थाना क्षेत्र में लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक कार उस समय ट्रक से टकरा गई, जब ट्रक चालक ने पीछे से ओवरटेक करने का प्रयास किया, जिससे कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कार सवार एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। कपड़ा व्यापारी समेत छह लोग घायल हुए हैं। हादसा शुक्रवार सुबह करीब चार बजे हुआ। कार सवार लोग बरेली के आंवला स्थित मनौना धाम जा रहे थे। मीरानपुर कटरा थाना क्षेत्र में विद्युत उपकेंद्र के सामने हाईवे पर हादसा हुआ। कार सवार सभी लोग बरेली के आंवला स्थित मनौना धाम जा रहे थे।
मऊ जिले के मधुवन कस्बे के निवासी कपड़ा व्यापारी राधेश्याम देववंशी अपनी पत्नी संगीता (45 वर्ष), बेटे रोहित के साथ कार में थे। इनके अलावा गायत्री देवी, उनका बेटा शिवम मद्धेशिया और सपना भी कार में थे। कार को मऊ के मधुवन थाना क्षेत्र के दुभारी गांव निवासी अंकित यादव चला रहा था। ओवरटेक करने के प्रयास में कार ट्रक से टकरा गई। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर भाग गया।
हादसे में संगीता की मौके पर ही मौत हो गई। कार सवार बाकी लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज भेजा। यहां सभी का इलाज चल रहा है। मीरानपुर कटरा थाना प्रभारी निरीक्षक जुगलकिशोर पाल ने बताया कि हादसे में एक महिला की मौत हुई है। छह लोग घायल हुए हैं। ट्रक चालक के खिलाफ तहरीर मिलने पर रिपोर्ट लिखी जाएगी और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Next Story