उत्तर प्रदेश

Lakhimpur खीरी में सनसनी, जंगली जानवरों ने युवक को बनाया निवाला

Ratna Netam
18 July 2026 7:57 PM IST
Lakhimpur  खीरी में सनसनी, जंगली जानवरों ने युवक को बनाया निवाला
x

Lakhimpur Kheri लखीमपुर खीरी : उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में एक युवक का कंकाल मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। मोहम्मदी (महेशपुर) रेंज के महेशपुर बीट अंतर्गत तूलमेलगंज गांव के पास गन्ने के खेत में युवक के अवशेष बरामद हुए हैं। शव को जंगली जानवरों ने पूरी तरह से क्षत-विक्षत कर दिया था। मृतक की पहचान उसके कपड़ों के आधार पर की गई है। परिजनों और ग्रामीणों ने बाघ के हमले की आशंका जताई है, हालांकि वन विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, तूलमेलगंज गांव निवासी अनिल कुमार (35) पुत्र जुगल किशोर उर्फ पंडा गुरुवार को झाऊपुर बाजार से सब्जी खरीदने के लिए घर से निकला था। रोज की तरह उसके वापस लौटने की उम्मीद थी, लेकिन देर शाम तक जब वह घर नहीं पहुंचा तो परिवार वालों को चिंता हुई। परिजनों ने आसपास के इलाकों में उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी।

तीन दिन तक युवक का कोई सुराग नहीं मिलने के बाद शनिवार सुबह ग्रामीणों को झाऊपुर निवासी जय प्रकाश के गन्ने के खेत में एक शव के अवशेष दिखाई दिए। सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने कपड़ों के आधार पर शव की पहचान अनिल कुमार के रूप में की। बताया जा रहा है कि जंगली जानवरों ने शव को बुरी तरह से खा लिया था और शरीर पर केवल हड्डियां ही बची थीं।

घटना की जानकारी पुलिस और वन विभाग को दी गई। सूचना मिलने के बाद थाना हैदराबाद पुलिस और मोहम्मदी (महेशपुर) रेंज की वन टीम मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी सुनील मलिक पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे, जबकि वन विभाग की ओर से दरोगा रोहित कुमार एसटीपीएफ टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।

ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में पहले भी बाघ और अन्य जंगली जानवरों की गतिविधियां देखी गई हैं। इसी वजह से उन्हें आशंका है कि युवक की मौत बाघ के हमले से हुई हो सकती है। हालांकि वन विभाग ने अभी तक इसकी पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल की जांच, साक्ष्य और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि युवक की मौत किस वजह से हुई। वन विभाग की टीम आसपास के क्षेत्र में भी निगरानी कर रही है और जंगली जानवरों की गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है।

युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इलाके में सक्रिय जंगली जानवरों से सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। फिलहाल पुलिस और वन विभाग पूरे मामले की जांच में जुटे हुए हैं।

Next Story