उत्तर प्रदेश

Sambhal: युवती की मेंथा की कटाई के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से मौत

Admindelhi1
16 Jun 2025 11:46 AM IST
Sambhal: युवती की मेंथा की कटाई के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से मौत
x
"तीन लोग गंभीर घायल"

संभल: जिले में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 18 वर्षीय युवती की मौत हो गई, जबकि एक ही परिवार के तीन अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए। यह हादसा उस समय हुआ जब परिवार के सदस्य खेत में मेंथा की फसल की कटाई कर रहे थे और अचानक आकाशीय बिजली गिर गई।

घटना रजपुरा थाना क्षेत्र के गांव मोलनपुर डांडा की है, जहां अतर सिंह अपने परिवार के सात लोगों के साथ सुबह करीब आठ बजे खेत में मेंथा की कटाई करने पहुंचे थे। इसी दौरान मौसम बिगड़ गया और तेज बारिश के साथ आसमान से बिजली गिर पड़ी।

आकाशीय बिजली की चपेट में आकर अतर सिंह की 18 वर्षीय बेटी रत्नेश कुमारी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उनका बेटा राजेश, बहू किशनवती, और स्वयं अतर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और गांव के लोग तुरंत सहायता के लिए दौड़े।

ग्रामीणों की मदद से घायलों को पहले स्थानीय निजी चिकित्सक के पास ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया।

इस दर्दनाक हादसे से गांव में शोक की लहर फैल गई है। प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया गया है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग और आपदा प्रबंधन विभाग से मांग की है कि बिजली गिरने से हुई इस त्रासदी को देखते हुए पीड़ित परिवार को मुआवजा दिया जाए।

Next Story